Hardoi News: बीडीओ को सामुदायिक शौचालय में मिले कंडे
Hardoi News: ग्राम पंचायत अंटवा में मनरेगा कार्यों में अनियमितताओं के मामले में अब तक कार्रवाई नहीं हुई है। नई बीडीओ अस्मिता सेन ने निरीक्षण के दौरान सामुदायिक शौचालय में कंडे भरे मिलने और पुरानी चकरोड के मुद्दे की पुष्टि की। संबंधित अधिकारियों को रिपोर्ट भेजी गई है।

Hardoi News: सांडी। विकासखंड की ग्राम पंचायत अंटवा में मनरेगा कार्यों में कथित अनियमितताओं के मामले में अब तक कार्रवाई नहीं हो सकी है। इस बीच नई बीडीओ अस्मिता सेन ने गांव का निरीक्षण किया तो प्रस्तावित रिकवरी वाली चकरोड के पुराने होने की पुष्टि के साथ ही लाखों रुपये की लागत से बने सामुदायिक शौचालय में कंडे भरे मिले। बीडीओ ने संबंधित कमियों पर कार्रवाई का आश्वासन दिया है। ग्रामसभा अंटवा निवासी छोटे सिंह ने तत्कालीन बीडीओ काजल से शिकायत कर ग्राम प्रधान, सचिव और तकनीकी सहायक पर मनरेगा कार्यों में अनियमितता और सरकारी धन के दुरुपयोग का आरोप लगाया था। इसके बाद आठ अप्रैल को तत्कालीन बीडीओ, जेई करन सिंह और एपीओ सुरेंद्र यादव ने जांच की थी।
जांच में पुरानी चकरोड को नया दिखाने, नदी किनारे प्रस्तावित बंधा निर्माण न मिलने तथा एक ही मजदूरों की फोटो कई मस्टररोल में इस्तेमाल कर भुगतान का प्रयास किए जाने की पुष्टि हुई थी। जांच के बाद करीब 75 हजार रुपये की रिकवरी निर्धारित करते हुए ग्राम प्रधान, सचिव और तकनीकी सहायक को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था तथा मनरेगा के कार्यों पर रोक लगा दी गई थी। बाद में नई बीडीओ अस्मिता सेन ने पूरे प्रकरण की रिपोर्ट अग्रिम कार्रवाई के लिए उपायुक्त श्रम एवं रोजगार संतोष कुमार सिंह सहित संबंधित अधिकारियों को भेज दी।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


