सीता राम के जयघोष के साथ साखिन गोपालपुर पहुंचा रामादल
Hardoi News - नैमिषारण्य धाम से निकली 84 कोसी परिक्रमा चौथे दिन साखिन गोपालपुर पहुंची। भक्तिमय वातावरण में साधु-संतों का स्वागत किया गया। भजन-कीर्तन और प्रवचनों से माहौल आध्यात्मिक हो गया। मेले में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही और सुरक्षा के लिए पुलिस तैनात की गई।

बेनीगंज/टड़ियावां। नैमिषारण्य धाम से निकली पौराणिक 84 कोसी परिक्रमा रामा दल चौथे दिन जनपद के साखिन गोपालपुर पहुंचा। परिक्रमा दल के पहुंचते ही क्षेत्र में भक्तिमय वातावरण बन गया। उपजिलाधिकारी सदर शुशील कुमार तिवारी एवं क्षेत्राधिकारी हरियावां अजीत चौहान ने फूल-मालाओं से साधु-संतों का स्वागत कर आशीर्वाद प्राप्त किया। परिक्रमा सचिव पीठाधीश्वर महंत संतोष दास खाकी, मनगढ़ आश्रम के अध्यक्ष महंत नारायण दास, पहला आश्रम के महंत श्याम जी खाकी, महंत मोहनी दास सहित बड़ी संख्या में साधु-संत महात्मा एवं दूर-दराज जनपदों के साथ देश-विदेश से आए श्रद्धालु परिक्रमा में सहभागी बने हुए हैं। जगह-जगह भजन-कीर्तन और प्रवचनों से आध्यात्मिक माहौल देखने को मिला।
मेला स्थल पर बड़े-बड़े झूले और दुकानें सजी रहीं। बच्चे खिलौनों की खरीदारी में उत्साहित दिखे तो वहीं बुजुर्ग घरेलू सामान लेते नजर आए। परिक्रमा मार्ग पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी रही। सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए कई थानों की पुलिस फोर्स तैनात रही। प्रताप नगर चौराहा बघौली रोड पर बैरिकेडिंग लगाकर बड़े वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित किया गया। टड़ियावां थाना प्रभारी कुलदीप सिंह ने बताया कि मेले को विभिन्न जोनों में बांटकर कैमरों की निगरानी में सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है तथा पुलिस द्वारा लगातार पैदल गश्त की जा रही है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


