हार्दिक की जेल में कड़ी निगरानी, बंदियों ने बनाई दूरी; सगी बहन को 40 बार चाकू से गोदा था

Mar 09, 2026 05:13 pm ISTsandeep हिन्दुस्तान, वरिष्ठ संवाददाता, मुरादाबाद
share

मुरादाबाद में बहन की 40 बार चाकू से गोदकर हत्या और मां पर हमला करने के आरोपी यूट्यूबर हार्दिक को जेल में कड़ी निगरानी में रखा गया है। बंदियों ने भी उससे दूरी बना ली है। जेल प्रशासन उसकी हर गतिविधि पर नजर रख रहा है।

हार्दिक की जेल में कड़ी निगरानी, बंदियों ने बनाई दूरी; सगी बहन को 40 बार चाकू से गोदा था

मुरादाबाद में सगी बहन की चाकू से बुरी तरह गोदकर हत्या करने और मां पर हमला करने के आरोपी हार्दिक को जेल में निगरानी में रखा गया है। उसके द्वारा की गई क्रूरता की कहानी से जेल के अन्य बंदी उससे दूरी बनाए हुए हैं। इसलिए उसे अन्य बंदियों से अलग रखा गया है और उसकी लगातार निगरानी की जा रही है। जेल भेजने से पहले थाने में भी उसे सीसीटीवी कैमरे की नजर में रखा गया था। मझोला थाना क्षेत्र के बुद्धि विहार सेक्टर-2 गणेश पार्क के पास रहने वाली गुरुग्राम में नामी आईटी कंपनी विप्रो की असिस्टेंट मैनेजर हिमशिखा उर्फ चीनी (25) की शुक्रवार दोपहर में सगे भाई इंजीनियर यूट्यबर हार्दिक ने चाकू से गोदकर हत्या कर दी थी। हार्दिक ने 40 से ज्यादा बार चाकू से ताबड़तोड़ वार किए थे।

हिमशिखा भाई के साथ ही होली पर अपनी मां नीलिमा के पास आई थी। बहन की हत्या करने के बाद आरोपी अपनी मां नीलिमा को उनके दिल्ली रोड मझोला के पार्श्वनाथ प्लाजा स्थित ऑफिस से बुलाकर घर लाया था। आरोपी ने निजी बीमा कंपनी की असिस्टेंट ब्रांच मैनेजर मां नीलिमा पर भी चाकू से जानलेवा हमला किया था। मां की तहरीर पर पुलिस ने हत्यारोपी हार्दिक के खिलाफ शुक्रवार को ही केस दर्ज कर लिया था।

कड़ी निगरानी में यूट्यूबर हार्दिक

शनिवार को उसे मझोला थाना क्षेत्र के नया मुरादाबाद जीरो प्वाइंट के पास से पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था। जब थाने पर लाकर पुलिस ने उससे पूछताछ की तो पुलिस अधिकारी भी उसकी हरकतों से परेशान हो गए। इसके चलते उसे सीसीटीवी की निगरानी में ही थाने पर रखा गया। बाद में कोर्ट में पेश कर उसे जेल भेज दिया। जेल प्रशासन को भी उसके अजीब व्यवहार की जानकारी दी गई। शनिवार दोपहर बाद जेल में दाखिल कराए गए हार्दिक पर जेल प्रशासन विशेश नजर रख रहा है। उसकी नियमित निगरानी के लिए उसे अन्य बंदियों से अलग रखा गया है।

शनिवार रात जेल में उसे खाना दिया गया तो आधा खाना खाने के बाद छोड़ दिया। इस संबंध में वरिष्ठ जेल अधीक्षक आलोक सिंह ने बताया कि चूंकि आरोपी जघन्य हत्याकांड को अंजाम देकर आया है इसलिए उसकी नियमित निगरानी की जा रही है। उसके प्रत्येक गतिविधि पर जेल के प्रहरी नजर बनाए हुए हैं।

बेटी के अंतिम संस्कार में नहीं जा सकी मां

हार्दिक ने मां पर भी चाकू से जानलेवा हमला कर दिया था। घायलावस्था में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इसी कारण वे बेटी हिमशिखा के अंतिम दर्शन तक नहीं कर पाई थीं। जिला अस्पताल से उपचार के बाद शनिवार रात उनकी हालत में सुधार होने पर डिसचार्ज कर दिया। हालांकि बेटी की मौत और बेटे के जेल जाने के कारण वह सदमे की हालत में रहीं। इसके चलते नीलिमा के भाई आशू शर्मा व दीपू शर्मा और भाभी नेहा शर्मा उन्हें लेकर बदायूं रवाना हो गए।

घर पर लटका रहा ताला, गली में पसरा सन्नाटा

मुरादाबाद। मझोला के बुद्धिवहार सेक्टर-2 गणेश पार्क के सामने शुक्रवार को हुए जघन्य हत्याकांड और मां पर जानलेवा हमले के बाद से मोहल्ले के लोग हैरान हैं। वारदात के बाद पुलिस ने नीलिमा के घर पर ताला डाल दिया था। उसके बाद से उस घर की ओर नीलिमा या उसके परिवार का कोई सदस्य वापस नहीं लौटा है। रविवार को भी घर पर दिन भर ताला लटका रहा। मोहल्ले के लोग भी अपने घरों में ही रहे और गली में सन्नाटा परसा रहा। बहुत कम ही लोग घर के बाहर या पार्क में जा रहे हैं।

sandeep

लेखक के बारे में

sandeep
लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News और Kanpur News के साथ-साथ UP Board Result, UP Board 10th Result, UP Board 12th Result और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।