छह दिन से लापता मजदूर का शव नाले में मिला, हत्या की आशंका
Hapur News - छह दिन से लापता मजदूर का शव नाले में मिला, हत्या की आशंका

थाना क्षेत्र के मसूरी-गुलावठी रोड स्थित औद्योगिक क्षेत्र में शुक्रवार सुबह हसनपुर नाले में एक मजूदर का शव पड़ा मिलने से हड़कंप मच गया। शव मिलने की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतक मजदूर की पहचान बिहार के जिला छपरा निवासी 58 वर्षीय रामधारी प्रसाद के रूप में की। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजकर जांच शुरू कर दी। पुलिस के अनुसार रामधारी प्रसाद औद्योगिक क्षेत्र में स्थित एक साइकिल निर्माण फैक्ट्री में मजदूरी का काम करते थे। वह अपने परिवार के साथ लालकुआं स्थित एक किराए के मकान पर रहते थे। एक फरवरी को मृतक रामधारी रोजाना की तरह घर से फैक्ट्री जाने के लिए टेंपो में निकले थे, लेकिन देर शाम तक घर नहीं लौटने पर उनके परिजनों ने तलाश शुरू की, तो पता चला कि उस दिन वह फैक्ट्री में नहीं पहुंचे थे।
इसके बाद परिजन ने पुलिस को सूचना दी थी। छह दिन उनका शव हसनपुर नाले में पड़ा मिला। शव मिलने की सूचना क्षेत्र में आग की तरह फैल गई। मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और उनका कहना था कि हत्या कर शव को नाले में फेंक दिया। जिससे किसी को शक न हो सके। मृतक रामधारी के परिजन ने बताया कि उनकी किसी से दुश्मनी नहीं थी। उनको कोई संतान नहीं होने पर एक लड़के को गोद लिया हुआ है। वरिष्ठ उपनिरीक्षक दिलशाद ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की जानकारी मिल पाएगी। अभी तक परिजन ने कोई तहरीर नहीं दी है। जांच की जा रही है। आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


