फर्जी कागजात से रानी बनी बांग्लादेशी महिला
Hapur News - फर्जी कागजात से रानी बनी बांग्लादेशी महिला
वोटर लिस्ट में नाम दर्ज कराने के लिए फर्जी दस्तावेजों का सहारा लेने वाली महिला के बांग्लादेशी होने की पुष्टि के बाद महिला और उसके पति के विरुद्ध धोखाधड़ी और जालसाजी का मुकदमा दर्ज होने से हड़कंप मच गया। गढ़ क्षेत्र के निकटवर्ती गांव दौताई में फर्जी दस्तावेजों के सहारे वोटर लिस्ट में नाम दर्ज कराने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। ग्रामीणों द्वारा की गई शिकायत पर जांच करने के लिए पुलिस और खुफिया विभाग की टीम गांव में पहुंची थी। जहां जांच पड़ताल के दौरान घर से एक बैग मिला था, जिसमें रखे दस्तावेजों से महिला के बांग्लादेशी होने की पुष्टि हो गई।
आगे की जांच पड़ताल में खुलासा हुआ कि दौताई के मसरूफ ने 11 फरवरी 2021 को दिल्ली के एक धार्मिक स्थल में बांग्लादेश मूल की महमूदा से निकाह किया था। जिसके बाद महिला अपने पति के साथ गांव में आकर रहने लगी, जिसने पति से मिलीभगत करते हुए फर्जी दस्तावेज तैयार कराकर रानी नाम से वोटर लिस्ट में अपना नाम दर्ज करा लिया था। इसी के साथ फोटो पहचान पत्र भी बनवा लिया गया। अवैध रूप से भारत में रह रहे विदेशी और अपात्र मतदाताओं की वोट काटने के उद्देश्य से पिछले दिनों भारत निर्वाचन आयोग द्वारा एसआईआर का अभियान चलाया गया था, जिससे जुड़े विशेष पुनरीक्षण अभियान के दौरान किसी ग्रामीण ने रानी के बांग्लादेशी होने को लेकर संबंधित बीएलओ से शिकायत कर दी। जिसको लेकर की गई जांच पड़ताल की भनक लगते ही पहले खुफिया विभाग और फिर उसकी सूचना के आधार पर पुलिस हरकत में आ गई। महमूदा उर्फ रानी के बांग्लादेशी होने की पुष्टि के साथ ही उसके पति द्वारा फर्जी दस्तावेजों के आधार पर वोटर लिस्ट में नाम दर्ज कराने का भंडाफोड़ होने के बाद अब कार्रवाई का सिलसिला प्रारंभ हो गया है। दौताई हल्के में तैनात दरोगा शिवांग शेखर द्वारा दी गई तहरीर पर मसरूफ और उसकी पत्नी महमूदा उर्फ रानी के खिलाफ धोखाधड़ी और जालसाजी जैसी संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। इंस्पेक्टर देवेंद्र सिंह बिष्ट ने बताया कि फर्जी दस्तावेज तैयार कराने से लेकर वोटर लिस्ट में नाम दर्ज कराने में सहयोग करने वालों की कुंडली भी खंगाली जा रही है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


