पैसे मांगने गई महिला पर लाठी-डंडों और सरिया से हमला
Hapur News - भोगापुर आलमगीरपुर गांव में पैसे मांगने गई महिला पर लाठी-डंडों और सरिया से हमला किया गया। महिला गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गई। बीच-बचाव में उसके देवर को भी चोटें आईं। पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।

क्षेत्र के भोगापुर आलमगीरपुर गांव में पैसे मांगने गई महिला पर लाठी-डंडों और सरिया से हमला कर दिया गया। हमले में महिला गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गई, जबकि बीच-बचाव करने पहुंचे उसके देवर को भी चोटें आई हैं। पीड़ित पक्ष की तहरीर पर पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। ग्राम भोगापुर आलमगीरपुर निवासी राजपाल ने थाना गढ़ में दी तहरीर में बताया कि 25 मई की रात को उनकी पत्नी सरोज अपने पैसे लेने के लिए उनके भाई हरपाल के साथ पूरन के घर गई थी। आरोप है कि पैसे मांगने को लेकर कहासुनी हो गई।
पीड़ित का आरोप है कि इसी दौरान पूरन, उसके पुत्र जोगेंद्र और जितेंद्र ने एक राय होकर उनकी पत्नी सरोज पर लाठी-डंडों और लोहे की सरिया से हमला कर दिया। हमले में सरोज के सिर में गंभीर चोटें आईं और वह मौके पर ही बेहोश होकर गिर गई,बीच-बचाव करने पहुंचे हरपाल को भी चोटें आईं।पीड़ित ने बताया कि घटना के बाद परिजन किसी तरह घायल महिला को बेहोशी की हालत में थाने लेकर पहुंचे, जहां पुलिस ने उसका मेडिकल कराया। कोतवाली प्रभारी देवेंद्र सिंह बिष्ट ने बताया कि राजपाल की तहरीर के आधार पर पूरन व उसके बेटे जोगेंद्र और जितेंद्र के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
कृपया अपने अनुभव को रेट करें
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


