
कांवी में हुए संघर्ष में छह आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज
Hapur News - गांव कांवी में पुरानी रंजिश के कारण दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष हुआ, जिसमें तीन महिलाओं सहित छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया और छह आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। गांव में शांति व्यवस्था कायम है और पुलिस घायलों की स्थिति पर नजर रख रही है।
कोतवाली क्षेत्र के गांव कांवी में गुरुवार देर शाम को दो पक्षों में पुरानी रंजिश के चलते खूनी संघर्ष हो गया। जिसमें तीन महिलाओं सहित छह लोग गंभीर रुप से घायल हो गए थे। पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया था। अब पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने छह आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। गांव कांवी निवासी जन्म सिंह अपने परिवार के साथ रहते हैं। उनका पड़ोस के रहने वाले दुलीचंद के परिवार से जमीन को लेकर काफी समय से पुराना विवाद चल रहा है। गुरुवार देर शाम को जन्म सिंह अपने परिवार के साथ घर में मौजूद थे।
आरोप है कि तभी दुलीचंद, उसका पुत्र निक्की, सचिन, विनोद उर्फ विन्नू, अशोक, दुलीचंद का साला सुनील हथियारों से लैस होकर घर में घुस आए। आरोपियों के गाली-गलौच शुरू कर दी। जब परिवार के लोगों ने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने परिवार पर जानलेवा हमला कर दिया। इस जानलेवा हमले में जन्म सिंह, उनका पुत्र विपिन, शीतल, वीरवती, प्रीति और हरेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गए थे। दो पक्षों में खूनी संघर्ष के बाद गांव में भगदड़ का माहौल बन गया था। जिसके बाद सूचना ग्रामीणों ने पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने किसी प्रकार घायलों को पास के अस्पताल में भर्ती कराया। इस मामले में जन्म सिंह के पुत्र विपिन राव की ओर से छह नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक श्यौपाल सिंह ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है। गांव में शांति व्यवस्था कायम है। फिलहाल घायलों की स्थिति पर पुलिस नजर रख रही है। ----

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




