
हापुड़ : नूरपुर गोलीकांड में नौ के खिलाफ मुकदमा दर्ज, चार हिरासत में
Hapur News - हापुड़ के गांव नूरपुर में एक विवाद के दौरान दो पक्षों के बीच मारपीट और फायरिंग में आठ लोग घायल हो गए। पीड़ित पक्ष ने नौ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने चार लोगों को हिरासत में लिया है और ग्राम प्रधान व हिस्ट्रीशीटर को घटना की साजिश का आरोपी बताया है।
हापुड़। बाबूगढ़ थाना क्षेत्र के गांव नूरपुर में रविवार रात दो पक्षों के बीच हुए विवाद के दौरान मारपीट व फायरिंग में आठ लोग घायल हो गए थे। इस मामले में पीड़ित पक्ष की ओर से नौ लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया गया है। पुलिस ने इस मामले में चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। ग्राम प्रधान और जेल में बंद हिस्ट्रीशीटर को इस घटना की साजिश रचने का आरोपी बताया गया है। थाने में दर्ज मुकदमे में गांव नूरपुर निवासी सुंदर ने बताया कि रविवार शाम करीब चार बजे उसका पुत्र अमन बुग्गी लेकर गांव में जा रहा था।
रास्ते में संजय का ट्रैक्टर खड़ा था। अमन ने संजय और उसके पुत्र अर्पित से ट्रैक्टर हटाने को कहा था। आरोप है कि अर्पित ने गाली-गलौज करते हुए अमन के साथ मारपीट कर दी थी। रात करीब साढ़े आठ बजे एक बार फिर संजय, अर्पित, श्रवण, प्रेमपाल, अक्षय, अमित, भूरे ने जगदीश को घेर लिया जिसके बाद सभी ने मिलकर उसके साथ मारपीट कर दी। जगदीश के शोर मचाने पर सुंदर पक्ष के लोग मौके पर आए तो आरोपी अपने मकान की छत पर चढ़ गए और जान से मारने की नीयत से लाइसेंसी व देशी हथियारों ने गोली चलाने लगे। मारपीट और छर्रे लगने से आयुष, निखल, अनुज, रवि, विजय, संत सिंह, माही गंभीर रूप से घायल हो गए थे। फायरिंग और मारपीट के बाद गांव में तनाव पैदा हो गया। सूचना मिलने पर भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया जिसके बाद घायलों को नगर के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया। रवि और आयुष की हालत गंभीर देख उन्हें मेरठ रेफर कर दिया। इस मामले में नौ लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। ग्राम प्रधान और जेल में बंद हिस्ट्रीशीटर ने रचाई थी यह प्लानिंग पुलिस जांच में इस बात की जानकारी सामने आई है कि गांव नूरपुर में सुंदर और संजय पक्ष के बीच जो मारपीट व फायरिंग हुई हैं। उसकी साजिश ग्राम प्रधान पदम सिंह और अपने पिता की हत्या के आरोप में जेल में बंद हिस्ट्रीशीटर अजित ने रचाई थी। पीड़ित सुंदर ने ग्राम प्रधान पदम सिंह और अजीत को भी इस मुकदमे में नामजद किया है। इस घटना के बाद गांव में तनाव के मद्देनजर पुलिस बल तैनात किया गया है। इन्होंने कहा नूरपुर में हुई घटना में पुलिस ने नौ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करते हुए चार लोगों को हिरासत में ले लिया है। फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस टीमों को लगा दिया गया है। जल्द ही उनकी भी गिरफ्तारी की जाएगी। गांव में फिलहाल एहतियातन पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। -मुनीष प्रताप सिंह चौहान, बाबूगढ़ थाना प्रभारी निरीक्षक

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




