हापुड़ और धौलाना के विकास को सीएम से मिले विधायक
Hapur News - हापुड़ और धौलाना विधायक ने सड़कों के चौड़ीकरण व नवनिर्माण की पूरानी स्वीकृतियों पर जताया सीएम का आभार, नई योजनाओं पर की चर्चा

जिले की सदर विधानसभा और धौलाना विधानसभा के भाजपा विधायकों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से लखनऊ में मुलाकात की। दोनों ने जिला न्यायालय के निर्माण को लेकर बजट अवमुक्त कराने का मुख्यमंत्री से अनुरोध किया। इसके अलावा अपनी-अपनी विधानसभाओं में विकास कार्यों की स्वीकृति मिलने पर मुख्यमंत्री का आभार जताया। साथ ही नई योजनाओं के विषयों पर चर्चा की। धौलाना विधायक धर्मेश तोमर ने बताया कि 15.10 करोड़ की लागत से पिलखुवा फगौता मार्ग का चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण की स्वीकृति मिली थी, जिसका काम पूरा हो चुका है। इसके अलावा भोजपुर-पिलखुवा और धौलाना मार्ग के चौड़ीकरण सुदृढ़ीकरण की सरकार ने स्वीकृति दी, यह कार्य 39.62 करोड़ से कराया जाएगा।
इसकी वर्तमान चौड़ाई सात से बढ़ाकर 10 मीटर की जाएगी। इससे धौलाना क्षेत्र के लोगों को काफी लाभ मिलेगा। वहीं धौलाना के हिंडालपुर संपर्क मार्ग पर मिसिंग लिंक मार्ग का 144.43 लाख से नवनिर्माण और फगौता करनपुर मार्ग से मिल्क मार्ग पर 202.39 लाख की लागत से होने वाले मार्ग का शिलान्यास किया गया। इन सभी पर मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री से कई नई योजनाओं पर भी चर्चा की गई। वहीं सदर विधायक विजयपाल आढ़ती ने बताया कि मुख्यमंत्री के समक्ष सिकंदरपुर काकोड़ी गांव के 57 चौराहे से नुरपुर तक की सड़क के चौड़ीकरण की बात रखी गई। इसके अलावा मेरठ-बुलंदशहर हाईवे के पड़ाव से मीरपुर महमदपुर और काकड़ गांव तक हिस्से में नए निर्माण की जरूरत है, इसके लिए भी मुख्यमंत्री से आग्रह किया है। उन्होंने बताया कि इससे हापुड़ विधानसभा के कई गांवों के ग्रामीणों का यातायात सुगम होगा और ग्रामीणों को समस्या से निजात मिलेगी। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री ने सभी विकास कार्यों की स्वीकृति कराने का आश्वासन दिया है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




