
बारापुला फ्लाईओवर पर तेज रफ्तार गाड़ी पलटी, एक की मौत
Hapur News - बारापुला फ्लाईओवर पर तेज रफ्तार गाड़ी पलटी, एक की मौत
सनलाइट कॉलोनी इलाके में बारापुला फ्लाईओवर पर रविवार देर रात एक तेज रफ्तार एसयूवी डिवाइडर से टकरा कर पलट गई। हादसे में एसयूवी में मौजूद सात लोग घायल हो गए। घायलों में शामिल एक युवक को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना के बाद पहुंची सनलाइट कॉलोनी थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घायलों शामिल एक शख्स की हालत गंभीर बनी हुई है, जबकि पांच लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया है। पुलिस उपायुक्त डॉ. हेमंत तिवारी ने बताया कि मृतक 26 वर्षीय हर्ष अपने परिवार के साथ मेरठ में रहता है।
जबकि घायल निखिल, गगन, भीष्म, युवराज, मान और हिमांशु हापुड़ और मेरठ के रहने वाले हैं। पुलिस उपायुक्त ने बताया कि सभी दोस्त थे और मेरठ से अपने एक दोस्त की सगाई के कार्यक्रम में शामिल होने के लिए दिल्ली के सरोजनी नगर स्थित उल्लास भवन आए थे। सगाई का कार्यक्रम खत्म होने के बाद सभी ने पार्टी की और देर रात मेरठ जाने के लिए निकल पड़े। इसी दौरान बारापुला फ्लाईओवर पर रात करीब 2 बजे तेज रफ्तार एसयूवी डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि एसयूवी पलट गई और दूर तक घसीटते हुए गई। हादसे में गाड़ी में मौजूद सात लोग घायल हो गए। राहगीरों ने मामले की सूचना पुलिस को दी। सनलाइट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और तुंरत सभी घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती किया। जहां डॉक्टरों हर्ष को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर हादसे की जानकारी उनके परिजनों को दी। फिलहाल मामले में पुलिस ने संबंधित धारा में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह जानकारी जुटाने की कोशिश कर रही है कि एसयूवी डिवाइडर से कैसे टकराई।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




