Hapur News: तहरीर से पहले मौत की वजह बदलती रही पुलिस
Hapur News: ग्राम महमूदपुर में अवैध खनन के दौरान चालक ने सपनावत खंड के सह संपर्क प्रमुख सतीश की हत्या कर दी। पुलिस ने शुरुआत में इसे हादसा बताया, लेकिन परिवार की शिकायत पर हत्या का मामला दर्ज किया। सतीश की बहन ने आरोप लगाया है कि यह जानबूझकर की गई हत्या थी। मामला जांच में है।

Hapur News: ग्राम महमूदपुर में अवैध खनन कर लौट रहे चालक ने ट्रैक्टर ट्राली से सपनावत खंड के सह संपर्क प्रमुख की हत्या कर दी। इसके बाद आरोपी वाहन लेकर भाग निकला, इसकी चपेट में आने से भी कई लोग बाल-बाल बचे। वहीं पुलिस सुबह से ही दावा कर रही थी कि मामला हत्या का नहीं बल्कि हादसा है। हालांकि दोपहर बाद परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली। महमूदपुर निवासी रोहित ने बताया कि सोमवार रात वह कार लेकर गांव में आया था। उसने बताया कि सतीश ने दो दिन पहले भी खनन करने वाले ट्रैक्टर ट्राली के चालक को समझाया था कि गांव से निकलते समय तेज गति से वाहन न चलाए। सोमवार रात चालक ने ट्रैक्टर सतीश पर चढ़ा दिया। सतीश के भतीजे मनोज कुमार ने बताया कि अवैध खनन की ट्रैक्टर ट्राली रात भर गांव में दौड़ लगाती है। जिससे हादसा होने का खतरा रहता है। अवैध खनन को लेकर कई बार शिकायत की गई, लेकिन कोई सुनने के लिए तैयार नहीं हैं। मृतक की बहन सविता ने आरोप लगाया कि भाई की जानबूझकर हत्या की गई है। वह घर के बाहर खड़े थे और उनके ट्रैक्टर से टक्कर मार दी। आरोपी पर सख्त से सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
पुलिस बताती रही हादसा
घटना के बाद थाना प्रभारी ने बताया कि अवैध खनन में लगे ट्रैक्टर से कुचलकर हत्या का मामला नहीं है। चालक ट्रैक्टर लेकर जा रहा था जिसकी टक्कर लगने से सतीश घायल हो गए और उपचार के दौरान मौत हो गई। वहीं ग्रामीणों ने कहा कि तीन दिन पहले मिट्टी ले जाते हुए तेज ट्रैक्टर दौड़ाने के लिए सतीश ने चालक को फटकार लगाई थी। रात सतीश घर के बाहर खड़े थे तभी चालक ने उन्हें कुचल दिया।
सपनावत खंड के सहसंपर्क प्रमुख थे सतीश
राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के सपनावत खंत के प्रमुख भगत सिंह ने बताया कि सतीश के पास सपनावत खंड के सह संपर्क प्रमुख का दायित्व था। वह लंबे समय से संघ से जुड़े थे। गांव में शाखा भी लगवाते थे। उन्होंने अवैध खनन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कराने और आरोपी के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग की है।
नम आंखों के बीच हुआ अंतिम संस्कार
पोस्टमार्टम के बाद जब सतीश का शव गांव लाया गया तो परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक के तीन बच्चे हैं। इनमें बड़ा बेटा प्रतीक, कुनाल और पांच साल की बेटी मीनाक्षी है। पिता का शव देख बच्चों और पत्नी प्रीति का रो रोकर बुरा हाल हो गया। ग्रामीण पीड़ित परिजन को सांत्वना दे रहे थे। मृतक का एक छोटा भाई पुष्पेंद्र और अन्य परिजन भी बेहाल थे। बताया गया कि सतीश मंडी में सब्जी की खरीद फरोख्त का कार्य करते थे।
पांच थानों का पुलिस बल गांव में रहा मौजूद
सतीश हत्याकांड को लेकर पुलिस ने गांव में सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए थे। हाफिजपुर थाना प्रभारी के अलावा कपूरपुर, सिंभावली, बाबूगढ़, पिलखुवा थाना प्रभारी भी पुलिस बल के साथ मौजूद रहे। गांव में एतिहायात के तौर पर पुलिस बल तैनात किया गया है।
पुलिस मामले की जांच में जुटी
सीओ पिलखुवा मुनीश चंद्रा ने बताया कि मृतक की पत्नी की तहरीर पर आरोपी ट्रैक्टर चालक के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपी का मेरठ के एक अस्पताल में उपचार चल रहा है। जल्द ही उसे गिरफ्तार किया जाएगा। विभिन्न बिंदुओं को ध्यान में रख जांच की जा रही है।


