शहर की यातायात व्यवस्था हुई ध्वस्त, जाम से कराह उठा शहर
Hapur News - हापुड़ में मंगलवार को यातायात व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो गई। शहर में जाम के कारण हजारों लोग परेशान रहे। दिल्ली रोड, गढ़ रोड और मेरठ रोड पर लंबी कतारें लग गईं। लोग जाम से निकलने का प्रयास करते रहे, लेकिन सफल नहीं हो सके। नागरिकों ने अधिकारियों से बेहतर यातायात प्रबंधन की मांग की।
हापुड़। शहर की यातायात व्यवस्था मंगलवार को सुबह से लेकर शाम कर ध्वस्त रही। जाम के झाम में फंसकर हजारों लोग परेशान रहे। रोज रोज की जाम की समस्या को लेकर हर कोई परेशान हैं, लेकिन जिम्मेदार इस ओर गंभीर नहीं है। जिसका खामियाजा शहरवासियों और यहां से गुजरने वाले लोगों को उठाना पड़ रहा है। मंगलवार की सुबह से शहर में जाम लगना शुरू हो गया। कुछ ही देर में दिल्ली रोड, गढ़ रोड, मेरठ रोड, बुलंदशहर रोड पर वाहनों की लंबी लंबी कतार लग गई थी। जाम में फंसे लोगों का बुरा हाल हो गया था, हर कोई इसी प्रयास में था किसी तरह जाम से निकलकर अपने गंतव्य पर पहुंच सके, लेकिन वह जहां से भी निकलने का प्रयास करतें, वहीं जाम के झाम में फंसकर परेशान हो गए।
गढ़ रोड पर तहसील चौपला से अतरपुरा चौपला और दिल्ली रोड पर मेरठ तिराहा से रामलीला मैदान तक वाहनों की लंबी लंबी कतार लगी थी। तहसील चौपला पर तो लोगों को पैदल निकलना मुश्किल हो रहा था। जाम में फंसे महिलाओं और बच्चों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। मिनट का सफर काफी देर में पूरा हो रहा था। दो पहिया वाहन चालक भी जाम में फंसकर परेशान हो रहे थे। सुबह से लेकर देर शाम तक शहर की यातायात व्यवस्था बिगड़ी रही। लोगों का कहना था कि रोज रोज के जाम की समस्या से वह परेशान हो गए। आए दिन जाम लगता है, लेकिन जिम्मेदार इसी ओर ध्यान नहीं देते हैं। अफसरों को चाहिए कि शहर की यातायात व्यवस्था को सुधारने के लिए बेहतर प्लान तैयार किया जाए, ताकि लोगों को दिक्कतों का सामना न करना पड़े। यातायात प्रभारी का कहना था कि वाहनों का दवाब बढ़ने के कारण दिक्कत आई थी। चौराहों और तिराहों पर पर्याप्त संख्या में यातायात पुलिस कर्मी तैनात किए गए हैं। लोगों को परेशानी का सामना नहीं करने दिया जाएगा।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




