
साइबर क्राइम के चलते व्यापारियों के खाते फ्रीज पर भड़के व्यापारी
Hapur News - -व्यापारियों के बैंक खातों की राशि रोकने पर भड़का व्यापार मंडल साइबर क्राइम के चलते व्यापारियों के खाते फ्रीज पर भड़के व्यापारी
हापुड़। व्यापारियों के बैंक खातों को अन्य राज्यों के लंबित मामलों के आधार पर बंद करने, साइबर क्राइम द्वारा बिना जांच के खातों को फ्रीज करने से परेशान पश्चिम उत्तर प्रदेश संयुक्त व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने मंगलवार को मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सीओ सिटी वरुण मिश्रा को सौंपा। जिसमें उन्होंने व्यापारियों के सामने आ रही परेशानियों को दूर करने की मांग की। मंगलवार को पश्चिम उत्तर प्रदेश संयुक्त व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष संजय डाबर के नेतृत्व में पदाधिकारी सीओ सिटी वरुण मिश्रा से मिले और उन्हें मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपते हुए बताया कि जनपद के व्यापारियों द्वारा हाल ही में कई गंभीर समस्याएं सामने लाई गई हैं।
जिनमें मुख्य रूप से व्यापारियों के बैंक खातों को अन्य राज्यों के लंबित मामलों के आधार पर अचानक लियन कर देना। साइबर क्राइम द्वारा बिना उचित जांच के खातों को फ्रीज करना तथा इन प्रक्रियाओं के दौरान व्यापारी वर्ग को अनावश्यक चक्कर, मानसिक तनाव एवं आर्थिक नुकसान झेलना शामिल है। पदाधिकारियों ने बताया कि इस प्रकार की कार्रवाई में व्यापारी ना तो समय पर नोटिस प्राप्त कर पाते हैं और ना ही उन्हें अपनी बात रखने का पर्याप्त अवसर दिया जाता है। कई बार विभिन्न कार्यालयों के चक्कर काटने पड़ते हैं। इससे व्यापार पूरी तरह से प्रभावित होता है। व्यापारी वर्ग प्रदेश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है। यदि एक ईमानदार व्यापारी को सिर्फ सूचनाओं की कमी या अस्पष्ट प्रक्रियाओं के कारण पीड़ा झेलनी पड़े, तो यह अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। व्यापार मंडल इस मुद्दे पर एकजुट है और व्यापारियों को न्याय दिलाने के लिए हर आवश्यक कदम उठाएगा। पदाधिकारियों ने इस स्थिति को चिंताजनक बताते हुए ऐसी प्रक्रिया पारदर्शी व व्यवस्थित करने की मांग की,ताकि ईमानदार व्यापारी अनावश्यक परेशानियों से बच सकें। पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन में बताया कि साइबर क्राइम व पुलिस द्वारा खाते फ्रीज, लियन करने की प्रक्रिया को स्पष्ट, लिखित और पारदर्शी बनाया जाए। व्यापारी को कार्रवाई से पूर्व व बाद में समुचित सूचना व समय दिया जाए। अनावश्यक आर्थिक या प्रशासनिक दबाव की किसी भी संभावना को समाप्त करने हेतु एक एकीकृत व सरल प्रक्रिया लागू की जाए। ज्ञापन देने वालों में जिला महामंत्री दीपक बंसल, जिला कोषाध्यक्ष ऋषभ गर्ग (हाइड्रो वाले), जिला उपाध्यक्ष मोहित अग्रवाल (सुरुचि साड़ी), जिला उपाध्यक्ष राजीव अग्रवाल (लकड़ी वाले), जिला मंत्री राजेश नारंग, यशपाल तनेजा, विनोद थापर, नगर अध्यक्ष गौरव गोयल (तेल वाले), जिला महामंत्री कपिल अग्रवाल (अम्बानी) आदि व्यापारी उपस्थित थे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




