Hapur News: पहरे से लेकर दावत में भी पुलिस, वीआईपी शादी समारोह से लाखों के बैग चोरी पर उठे सवाल
Hapur News: भाजपा नेता और सांसद अरुण गोविल के प्रतिनिधि अशोक बबली की पुत्री की शादी में चोरों ने लाखों रुपये से भरा बैग चोरी कर लिया। 36 घंटे बीत जाने के बाद भी पुलिस आरोपियों को नहीं पकड़ सकी है। व्यापारियों ने जल्द से जल्द वारदात का पर्दाफाश करने की मांग की है।

Hapur News: भाजपा के वरिष्ठ नेता और सांसद अरुण गोविल के प्रतिनिधि अशोक बबली की पुत्री के शादी समारोह में मैरिज होम के कमरे की चोरों ने खिड़की तोड़कर लाखों रुपये से भरा बैग चोरी कर लिया था। इस वारदात को हुए 36 घंटे से अधिक का समय बीच चुका है, लेकिन पुलिस अभी तक आरोपियों को गिरफ्तार कर वारदात का पर्दाफाश नहीं कर सकी है। सबसे बड़ा सवाल जनता में यह है कि वीआईपी शादी समारोह में ट्रेफिक पुलिस कर्मी बाहर गेट लगे थे जबकि अंदर भी पुलिस कर्मी और जिले के अधिकारियों का आवागमन था। ऐसे में कन्यादान के लाखों रुपये के बैग चोरी ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। वहीं व्यापारियों ने पुलिस से जल्द से जल्द वारदात का पर्दाफाश करने की मांग की है।
शादी समारोह की जानकारी
जानकारी के अनुसार भाजपा नेता और सांसद प्रतिनिधि अशोक बबली की पुत्री की शनिवार को शादी थी। शादी में बड़ी संख्या में लोगों का आना-जाना लगा हुआ था। मौका पाते ही चोरों ने बंद कमरे को निशाना बनाया। खिड़की तोड़कर अंदर प्रवेश किया और नकदी से भरा बैग लेकर फरार हो गए। घटना का पता सुबह उस समय चला जब परिवार के सदस्य कमरे में पहुंचे। जिसकी जानकारी मिलते ही अफरा तफरी मच गई। बैंग और संदिग्ध की काफी तलाश की गई लेकिन कुछ पता नहीं चल सका था। वारदात की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी हापुड़ देहात पारस मलिक पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे थे और घटना स्थल का निरीक्षण कर मैरिज होम के अंदर लगे चालू सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई थी। शादी में काम करने आए कर्मचारियों से भी पूछताछ की गई। इस वारदात को हुए 36 घंटे से अधिक समय बीत गया है लेकिन पुलिस वारदात का पर्दाफाश नहीं कर सकी है। वहीं व्यापारियों ने जल्द से जल्द आरोपियों को गिरफ्तार करने की पुलिस से मांग की है।
पुलिस की कार्रवाई
थाना प्रभारी पारस मलिक ने बताया कि पुलिस की दो टीमें आरोपियों की तलाश में लगी है। सीसीटीवी फुटेज के साथ साथ मुखबिरों के नेटवर्क को सक्रिय किया गया है। प्रयास है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
समारोह में संदिग्धों की जांच
समारोह में घुसे तीन संदिग्धों को दबोचा, जमकर की धुनाई
हापुड़ संवाददाता। गढ़ रोड स्थित एक मैरिज होम में एक समारोह में सोमवार की रात को तीन संदिग्ध घुस गए। आयोजकों को उनपर शक हुआ और पूछताछ की तो पता चला कि वह कुचेसर रोड चौपला के रहने वाले हैं और समारोह होता देख खाना खाने आ गए थे। इस पर उनकी जमकर धुनाई कर पुलिस को सौंप दिया। थाना हापुड़ देहात पुलिस ने आरोपियों से पूछताछ कर शांति भंग करने के आरोप में उन्हें गिरफ्तार कर लिया। बता दें कि शहर के मैरिज होमों में काफी संख्या में अनजान लोग आ जाते हैं । अच्छे कपड़े पहने होने और भीड़ के कारण उन्हें आसानी से कोई पहचान नहीं पाता है। कई बार एेसे लोग वारदात कर फरार हो जाते हैं।


