हापुड़ : चचेरे भाई से दिलाए पेपर, खुद देने पहुंचा तो पकड़ा गया

Feb 28, 2026 12:34 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, हापुड़
share Share
Follow Us on

Hapur News - हापुड़ में यूपी बोर्ड की हाईस्कूल परीक्षा में एक छात्र को चचेरे भाई के तीन पेपर देने के बाद चौथे पेपर में खुद परीक्षा देते समय पकड़ा गया। हस्ताक्षर में अंतर के कारण खुलासा हुआ। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और छात्र के चचेरे भाई और पिता के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।

हापुड़ : चचेरे भाई से दिलाए पेपर, खुद देने पहुंचा तो पकड़ा गया

हापुड़। जनपद में यूपी बोर्ड की हाईस्कूल की परीक्षा में चचेरे भाई से तीन पेपर दिलाने के बाद चौथा पेपर खुद देने पहुंचे एक परीक्षार्थी को पकड़ लिया। हस्ताक्षर अलग होने से इसका खुलासा हुआ। इस मामले में केंद्र व्यवस्थापक की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। श्री शांति स्वरूप कृषि इंटर कॉलेज हापुड़ के प्रधानाचार्य और केंद्र व्यवस्थापक प्रभुदयाल जयंत ने कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराते हुए बताया कि 25 फरवरी को प्रथम पाली में हाईस्कूल विज्ञान विषय की परीक्षा थी। कक्ष संख्या-दो में तैनात कक्ष निरीक्षकों ने पिलखुवा के कस्तला कासमाबाद स्थित महावीर जैन इंटर कॉलेज के एक परीक्षार्थी के हस्ताक्षरों का मिलान पूर्व परीक्षा तिथियों से किया।

इसमें हस्ताक्षर में अंतर पाया गया। स्टेटिक मजिस्ट्रेट और बाह्य केंद्र व्यवस्थापक की मौजूदगी में पूछताछ के दौरान छात्र ने स्वीकार किया कि वह पढ़ाई में कमजोर है। बताया कि 18, 20 और 23 फरवरी की परीक्षाएं उसके चचेरे भाई ने दी थी। 25 फरवरी को चचेरे भाई की तबीयत खराब होने के कारण वह स्वयं परीक्षा देने पहुंचा था। उधर, जिन तिथियों पर छात्र के चचेरे भाई ने परीक्षा दी, उन दिनों तैनात कक्ष निरीक्षकों ने प्रवेश पत्र का ठीक से मिलान न कर पाने की बात स्वीकार की। हालांकि, उन्होंने किसी प्रकार के प्रलोभन से इंकार किया और भविष्य में ऐसी गलती न दोहराने की बात कही। उधर, थाना प्रभारी निरीक्षक विनोद पांडेय ने बताया कि केंद्र व्यवस्थापक प्रभुदयाल जयंत की तहरीर पर पुलिस ने छात्र के चचेरे भाई तथा पिता के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो भी दोषी पाया गया उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।