Hapur News: हापुड़ : सावन के सोमवार पर शिवालयों पर उमड़े भक्त, रही कड़ी सुरक्षा
Hapur News: हापुड़ में सावन मास के सोमवार पर सभी शिवालयों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी थी, जिसमें संदिग्ध लोगों पर नजर रखी जा रही थी। प्रमुख मंदिरों में पुलिस तैनात थी और श्रद्धालुओं के वाहनों को पार्किंग में रोका गया था।

Hapur News: हापुड़, संवाददाता सावन मास के सोमवार को जिले के सभी शिवालय हर-हर महादेव के उद्घोष से गूंज उठे। सुबह से ही मंदिरों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ना शुरू हो गई। मंदिरों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। संदिग्ध लोगों पर पुलिस की पैनी निगाह रही।सोमवार सुबह से शिवालयों पर पुलिस टीम तैनात हो गई। प्रमुख सबली मंदिर पर पुलिस का सुरक्षा का कड़ा पहरा रहा। पुलिस टीम ने श्रद्धालुओं के वाहनों को पार्किंग में खड़ा करा दिया था। वाहनों के मंदिर के मुख्य द्वार पर नहीं जाने दिया। सीसीटीवी कैमरों की मदद से लगातार संदिग्धों पर निगाह रखी जा रही थी।
बाबूगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम छपकौली स्थित प्राचीन शिव मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। सुबह से श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया। थाना प्रभारी प्रवीन कुमार पुलिस टीम के साथ मंदिर में मौजूद रहे। पिलखुवा स्थित चंडी मंदिर, शिव मंदिर दहपा, कल्याणेश्रवर महादेव मंदिर गढ़मुक्तेश्वर, नक्का कुआं गढ़मुक्तेश्वर शिव मंदिर, सिंभावली में ग्राम दत्तियाना स्थित भूतेश्वर शिव मंदिर में भी सुरक्षा के कड़े प्रबंध रहे। वहीं, शिवालयों पर जाने वाले रास्तों पर पुलिस बल तैनात किया गया था।


