नौतापा से पहले ही भीषण गर्मी, मचा हाहाकार
- सुबह कुछ देर आसमान में बादल छाने से गिरा तापमान, मगर नहीं मिली गर्मी से राहततापमान, मगर नहीं मिली गर्मी से राहत - चिलचिलाती धूप की वजह से सड़कों पर
जिले में नौतापा से पहले ही भीषण गर्मी पड़ रही है। सुबह से ही आसमान से आग बरसनी शुरू हो जाती है, दोपहर को चिलचिलाते धूप में घर से बाहर निकलने वालों का शरीर झुलसने लग रहा है। ऐसे में आमजन से लेकर पशु-पक्षी भी बेहाल हो रहे है। जिससे हर तरफ हाहाकार मच रहा है। उधर गर्मी के साथ बिजली की आंख मिचौली लोगों को परेशान कर रही है। हालांकि शनिवार को हापुड़ का तापमान चार डिग्री सेल्सियस तक लुढ़क गया, लेकिन फिर भी लोगों को गर्मी से राहत नहीं मिली। पिछले कई दिनों से हापुड़ में गर्मी का प्रकोप बढ़ता जा रहा है। सुबह 8 बजे से ही सूरज तमतमाना शुरू कर देता है। जैसे-जैसे दिन चढ़ता है, वैसे-वैसे ही सूर्यदेव के तेवर भी तल्ख हो रहे है। शनिवार को हापुड़ में तेज धूप खिली रही। ऐसे में दोपहर के समय घर व दफ्तरों से बाहर निकलने वाले लोगों का हाल बेहाल हो गया। कुछ देर में ही लोग पसीनों से तरबतर हो गए। जबकि पैदल या दो पहिए वाहनों पर सफर तय करने वालों का हलक सूख गया।
गर्मी से राहत पाने के उपाय:
ऐसे में लोग दिनभर छांव की तलाश करते रहे। जबकि गर्मी से बचने के लिए महिलाओं ने छाता और पुरूषों ने गमच्छा इस्तेमाल किया। उधर भीषण गर्मी से राहत पाने के लिए लोगों ने पेय पदार्थो का सहारा लिया। ऐसे में सोड़ा-शिकंजी, जूस, नारियल पानी, गन्ने का रस, बेलपत्र का जूस आदि पीकर राहत पाने का प्रयास किया। उधर शुक्रवार को हापुड़ का अधिकतम तापमान 44 से और न्यूनतम 30 डिग्री था, जो शनिवार को चार डिग्री सेल्सियस लुढ़कर 40 और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
आसमान में छाए बादल, मगर नहीं मिली राहत:
हापुड़ में सुबह अचानक आसमान में बादल छा गए, उम्मीद थी कि लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है। लेकिन कुछ देर बाद ही मौसम साफ हो गया और तल्ख धूप ने लोगों को परेशान कर दिया। इसके बाद दिनभर तल्ख धूप ने लोगों को झुलसा दिया, लेकिन बादलों की वजह से अधिकतम तापमान चार और न्यूनतम तापमान दो डिग्री सेल्सियस तक लुढ़क गया।
बिजली संकट का समाधान:
तीन दिन हापुड़ में बिजली संकट गहरा गया था, लेकिन अब दो दिन से लोगों को काफी राहत मिली है। दिल्ली रोड 33केवी लाइन का विभाग ने स्थायी समाधान करा दिया है, जबकि दिल्ली रोड के फीडर नंबर-6 की नई लाइन को भी शुरू कर दिया गया है। इससे लोगों को काफी राहत मिली है, लेकिन भीषण गर्मी में लोड बढ़ने से ट्रिपिंग की समस्या बढ़ रही है, इससे लोग अभी भी परेशान है।
सामान्य प्रश्न
कृपया अपने अनुभव को रेट करें
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


