Hapur News: हापुड़ : बाइक की टक्कर से बच्ची की दोनों पैर की हड्डी टूटी
Hapur News: हापुड़ के मोहल्ला मजीदपुरा में एक बाइक की चपेट में आई सात वर्षीय बच्ची की दोनों पैर की हड्डी टूट गई। मां का आरोप है कि बाइक सवार युवकों ने इलाज कराने का वादा किया, लेकिन बाद में अस्पताल नहीं आए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Hapur News: हापुड़। कोतवाली हापुड़ नगर क्षेत्र के मोहल्ला मजीदपुरा में बाइक की चपेट में आकर सात वर्षीय बच्ची की दोनों पैर की हड्डी टूट गई। गंभीर हालत में बच्ची को अस्पताल में भर्ती कराया गया। बच्ची की मां का आरोप है कि हादसे के बाद बाइक सवार दोनों युवकों ने उपचार कराने का आश्वासन दिया। घायल बच्ची की मां की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला मजीदपुरा त्रिलोकीपुरम गली नंबर छह की शबनम ने मुकदमा दर्ज कराते हुए बताया कि 29 सितंबर को उसकी सात वर्षीय बेटी जुबैरिया को मोहल्ले के रहने वाले जुन्नु और उसके दोस्त समीर ने बाइक से टक्कर मार दी।
हादसे में बच्ची की दोनों पैरों की हड्डियां टूट गईं। परिजन बच्ची को गढ़ रोड स्थित निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। आरोप है कि जुन्नु और समीर भी वहां पहुंचे और बच्ची को अस्पताल में भर्ती कराने के साथ उसका पूरा इलाज कराने का आश्वासन देकर वहां से चले गए। इसके बाद दोनों अस्पताल नहीं आए और इलाज के खर्च की जिम्मेदारी भी नहीं उठाई।महिला ने बताया कि चिकित्सकों ने बच्ची का ऑपरेशन करने की बात कही है।परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण वह बेटी के उपचार का खर्च उठाने में वह असमर्थ है। अस्पताल की ओर से भी उपचार के लिए बाहर ले जाने की बात कही जा रही है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सुरेश कुमार सिंह ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।

