
दो भाईयों में विवाद, मकान हड़पने का आरोप
Hapur News - दो भाईयों में विवाद, मकान हड़पने का आरोप
सिंभावली थाना क्षेत्र के गांव अकबरपुर बुकलाना में दो भाईयों के बीच मकान को लेकर विवाद हो गया। एक पक्ष का आरोप है कि उसने अपने भाई को यह मकान विक्रय करने के लिए एक लाख रुपये तय किया था। तय समय बीतने के बाद भी रुपये नहीं मिले तो उन्होंने बैनामा करने से इंकार कर दिया। जिसके बाद आरोपियों ने मारपीट कर दी। इस मामले में एक पक्ष की महिला ने शुक्रवार को डीएम कार्यालय में शिकायती पत्र दिया है। गांव अकबरपुर बुकलाना निवासी ओमवती ने बताया कि उनके पति की गांव में भूमि थी। जिसमें एक चौथाई भाग उनका था।

जिसमें उनके पति द्वारा मकान बना लिया गया। इस मकान को उनके पति ने अपने भाई को एक लाख रुपये में विक्रय करना तय किया। मकान को क्रय करने के लिए उनके पति के भाई ने सात महीने का समय लिया। आरोप है कि अब पति के भाई के मन में बदनीयत आ गई है और मकान का प्रतिफल दिए बिना ही वह मकान को हड़पने की कोशिश कर रहे हैं। बीती 03 नवंबर को उनकी भाभी घर पर आई और दो महीने की जच्चा पुत्रवधू के साथ मारपीट करने लगी। किसी प्रकार उन्होंने उसे बचाया तो भाभी ने अपने पति को मौके पर बुला लिया और उनके साथ अभद्रता करते हुए मारपीट की और इसके बाद दंपति ने एक झूठा शिकायती पत्र दे दिया। पीड़ित महिला का आरोप है कि इस घटना के दौरान उनके दामाद घर पर आए हुए थे। आरोप है कि दंपति ने उनके दामाद के साथ मारपीट कर दी। जिसमें उनके गले की सोने की चैन भी खींच ली। अभी भी आरोपी उनके परिवार को झूठे केस में फंसाने की धमकी दे रहे हैं। पीड़ित ने डीएम कार्यालय में शिकायती पत्र देकर पूरे मामले की जांच कराकर उचित कार्रवाई की मांग की है। -----

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




