
बीमा क्लेम के लिए पुतला जलाने की साजिश करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार
Hapur News - बीमा क्लेम के लिए चिता में पुतला जलाने की साजिश करने वाले दो गिरफ्तार
गंगानगरी ब्रजघाट में बीमा क्लेम को लेकर चल रही एक खतरनाक और हैरान करने वाली साजिश का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। दो युवकों ने एक जीवित मजदूर को मृत दिखाकर उसके नाम बीमा क्लेम लेने के इरादे से डमी (पुतला) का दाह संस्कार कराने की कोशिश की, लेकिन श्मशान घाट पर ही पकड़े गए। पुलिस ने दोनों आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर उनके खिलाफ आपराधिक मुकदमा दर्ज कर लिया है। इंस्पेक्टर मनोज कुमार बालियान ने बताया कि शुक्रवार को दोपहर करीब एक बजे का है। जहां ब्रजघाट गंगानगरी के श्मशान घाट में दो युवक तीस वर्षीय युवक का शव बताकर दाह संस्कार कराने पहुंचे।
जैसे ही चिता पर रखे शव को खोलकर देखा गया, वह इंसान की बॉडी न होकर कपड़े-कागज और प्लास्टिक से बना हुआ पुतला निकला। इसे देखते ही वहां मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। कुछ ही मिनटों में हजारों की भीड़ इकट्ठी हो गई और मामले की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। इंस्पेक्टर मनोज कुमार बालियान ने दोनों संदिग्ध युवकों को हिरासत में ले लिया। पुलिस पूछताछ में आरोपी पहले यह दावा करते रहे कि उन्हें दिल्ली के एक अस्पताल से सील की हुई मृत बॉडी दी गई थी, जिसे वे अंतिम संस्कार के लिए लाए हैं। लेकिन जब पुलिस ने सख्ती दिखाई और दस्तावेज मांगे, तो दोनों लड़खड़़ाने लगे। विरोधाभासी बयानों के चलते दोनों को थाने लाकर गहन पूछताछ की गई। आखिरकार पुलिस की कड़ाई में दोनों ने सारा सच उगल दिया। इंस्पेक्टर मनोज बालियान के अनुसार मुख्य आरोपी कमल सोमानी, निवासी कैलाशपुरी थाना पालम, दिल्ली कपड़े की दुकान चलाता है और लगभग 50 लाख रुपये के कर्ज में डूबा हुआ है। कर्ज से निकलने के लिए उसने यह खतरनाक खेल खेला। कमल ने अपनी दुकान पर पहले काम कर चुके नीरज से उसके भाई अंशुल कुमार के आधार और पैन कार्ड किसी बहाने से ले लिए। उन्हीं दस्तावेजों का दुरुपयोग करते हुए कमल ने करीब एक साल पहले अंशुल का एक कंपनी में बीमा करा दिया था और नियमित किस्तें भी भरता रहा। योजना के तहत उसने अंशुल की नकली बॉडी जैसा एक डमी पुतला तैयार किया। इसके बाद अपने साथी आशीष खुराना निवासी जैन कॉलोनी, उत्तम नगर के साथ कार में पुतला रखकर श्मशान घाट पहुंच गया। यदि दाह संस्कार सफल हो जाता तो कमल मृत्यु प्रमाणपत्र के आधार पर बीमा क्लेम लेकर अपना कर्ज चुकता करने की फिराक में था। दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। दोनों आरोपियों को जमानत दे दी गई है। ---

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




