
64 लाख की लूट: बदमाशों की तलाश में पुलिस की दस टीमों के साथ एसटीएफ भी जुटी
Hapur News - 64 लाख की लूट: बदमाशों की तलाश में पुलिस की दस टीमों के साथ एसटीएफ भी जुटी
पिलखुवा कोतवाली क्षेत्र में शनिवार को एनएच 9 पर बाइक सवार चावल व्यापारी के साथ हुई 64 लाख की लूट को तीन दिन बीत चुके हैं, लेकिन पुलिस बदमाशों को नहीं पकड़ सकी है। सोमवार को अपर पुलिस महानिदेशक भानु भास्कर पिलखुवा पहुंचे। जहां जनपद के पुलिस अधिकारियों और एसटीएफ मेरठ के अपर पुलिस अधीक्षक के साथ बैठक कर बदमाशों को पकड़ने के लिए अब तक की गई कार्रवाई के बारे में जानकारी कर आवश्यक दिशा निर्देश दिए। इसके साथ ही दोबारा घटनास्थल पर जाकर निरीक्षण किया। अपर पुलिस महानिदेशक ने बताया कि लूट के मामले में महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं और पुलिस जल्द ही वारदात का पर्दाफाश कर बदमाशों को गिरफ्तार कर लेगी।
वहीं एसटीएफ की टीम भी बदमाशों की तलाश में लग गई है। राजस्थान के जनपद सीकर के डाणी पाटन निवासी, हाल निवासी केशवपुरम दिल्ली निवासी राकेश यहां अपने पार्टनर वैभव के पास आए थे। हापुड़ की रेलवे रोड स्थित एचडीएफसी बैंक से उन्होंने 64 लाख रुपये निकाले और बाइक पर सवार होकर दिल्ली जा रहे थे। जैसे ही वह एनएच 9 पर पिलखुवा कोतवाली क्षेत्र में पहुंचे तो स्कूटी सवार तीन बदमाशों ने हथियारों के बल पर 64 लाख रुपये लूट लिए थे। व्यापारी को डराने के लिए बदमाशों ने हवाई फायरिंग की थी और उसकी बाइक का चांबी निकालकर दूर फेंक कर फरार हो गए थे। बताया गया कि बदमाशों की तलाश में पुलिस टीमों ने मेरठ, गाजियाबाद, बुलंदशहर में डेरा डाला हुआ है। वारदात को हुए तीन दिन बीत चुके हैं। लेकिन अभी तक पुलिस बदमाशों का पता नहीं लगा सकी है। मंगलवार को अपर पुलिस महानिदेशक भानू भास्कर, पिलखुवा पहुंचे। अपर पुलिस महानिदेशक ने एसपी कुंवर ज्ञानंजय सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक विनीत भटनागर, एसटीएफ के अपर पुलिस अधीक्षक, सीओ पिलखुवा अनीता चौहान समेत अनेक पुलिस अधिकारियों के साथ वारदात के संबंध में अब तक की गई कार्यों की समीक्षा कर आवश्यक दिशा निर्देश दिए। जनपद के पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बदमाशों की तलाश में टीमें लगी हैं और जल्द ही सफलता मिलेगी। इसके बाद अपर पुलिस महानिदेशक पुलिस अधिकारियों के साथ दोबारा से घटना स्थल पर पहुंचे। अफसरों ने घटना स्थल पर विभिन्न बिंदुओं को ध्यान में रख जांच की। इसके साथ ही दोबारा से इस तरह की वारदात न हो इसके लिए सुरक्षा व्यवस्था बेहतर करने को लेकर भी विचार विमर्श किया। स्कूटी पर वारदात को अंजाम देकर आसानी से भागे बदमाश 64 लाख रुपये की लूट करने वाले तीन बदमाशों ने वारदातों को अंजाम देने के लिए स्कूटी का प्रयोग किया। पुलिस ने सैकड़ों सीसीटीवी खंगाले पुलिस ने बैंक से लेकर दिल्ली रोड पर टोल टैक्स से आगे तक सैकड़ों सीसीटीवी कैमरे खंगाले हैं। बताया गया कि सीसीटीवी फुटेज से पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग हाथ लगे हैं। इसके अलावा मुखबिरों के नेटवर्क को सक्रिय कर उनकी भी मदद ली जा रही है। लूट की वारदात में शामिल रहे पुराने शातिर बदमाशों की भी पुलिस कुंडली खंगाल रही है। जनपद में सुरक्षा व्यवस्था की कड़ी 64 लाख रुपये की लूट की वारदात होने के बाद सोमवार को जनपद भर में सुबह और शाम को चेकिंग अभियान चलाया गया। सभी सीओ, थाना प्रभारी अपने अपने क्षेत्रों में संदिग्ध लोगों और वाहनों की चेकिंग करते रहे, हालांकि कोई संदिग्ध नहीं मिला। इसके साथ ही जनपद की सीमाओं पर भी पुलिस टीम ने संदिग्धों की चेकिंग की। क्या कहते हैं अपर पुलिस महानिदेशक पुलिस की दस टीमें बदमाशों की तलाश में लगी हैं। सभी टीमें अलग अलग बिंदुओं पर कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि बहुत ही जल्द वारदात का पर्दाफाश कर बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। भानू भास्कर, अपर पुलिस महानिदेशक

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




