
दरोगा समेत चार के खिलाफ मुकदमा दर्ज
Hapur News - सिंभावली थाने के दरोगा और तीन अन्य के खिलाफ अमरोहा में रिपोर्ट दर्ज की गई है। आरोप है कि दरोगा ने एक युवक का अपहरण किया और उससे पैसे की मांग की। पूर्व प्रधान के बेटे ने आरोप लगाया कि उसे एनकाउंटर की धमकी देकर सवा लाख रुपये वसूले गए। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
सिंभावली थाने में तैनात दरोगा समेत चार खिलाफ जनपद अमरोहा के गजरौला थाने में रिपोर्ट दर्ज की गई है। रिपोर्ट में दरोगा, एक महिला व दो अन्य पर पूर्व प्रधान के बेटे को प्रार्थना पत्र की जांच के नाम पर गाड़ी से अपहरण करने और कमरे में बंधक बनाकर एनकाउंटर की धमकी देने का आरोप लगाया गया। आरोप है कि पूर्व प्रधान द्वारा दिए सवा लाख रूपये लेने के बाद उस युवक को छोड़ दिया गया। जनपद संभल के थाना एचौड़ा कंबोह के गांव हाजीपुर निवासी अनीस अहमद पूर्व प्रधान हैं। उनके बेटे नईम का आरोप है कि 11 दिसंबर को उनके पास एक कॉल आई थी।

कॉल करने वाले ने खुद को पुलिसकर्मी बताया और गांव जोई स्थित निर्माणाधीन पुलिस लाइंस के सामने बुलाया, कहा था कि उनके विरुद्ध एक महिला दुष्कर्म की तहरीर लेकर आई है। नईम अपने साथी अहसान को लेकर वहां पहुंचे। जहां पहले से सिंभावली थाने में तैनात दारोगा नितिन कुमार, दो सिपाही व बुर्का पहने एक महिला मौजूद थे। चारों नईम व अहसान को कार में बैठा कर गजरौला स्थित एक मकान में ले गए तथा बंद कर लिया। कहा कि महिला के साथ नईम ने दुष्कर्म किया है, उसकी तहरीर मिली है। यदि बचना चाहते हो तो पांच लाख रुपये मंगवा लो। नईम ने अपने पिता को काल कर पैसे लाने को कहा। इस दौरान नईम ने महिला से नकाब हटाने को कहा तो वह चली गई तथा पुलिस कर्मियों ने एनकाउंटर की धमकी दी। थोड़ी देर बाद नईम के पिता अनीस सवा लाख रुपये लेकर गजरौला पहुंचे और पुलिसकर्मियों के पैसे देकर उन्हें छुड़ाया। इसके बाद पीड़ित ने एसपी अमित कुमार आनंद से शिकायत की थी। जिस पर एसपी ने गजरौला पुलिस को प्राथमिकी दर्ज करने का आदेश दिया था। थाना प्रभारी निरीक्षक सुरेश कुमार ने बताया कि अमरोहा पुलिस से मामले की जानकारी प्राप्त हुई है। इसको लेकर उच्च अधिकारियों को अवगत करा दिया गया है। उच्च अधिकारियों से जो भी आदेश प्राप्त होगा उस पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




