एनएच पर सड़क हादसे में बिखरी बंद गोभी, पुलिस बनी किसान की मददगार
संक्षेप: Hapur News - एनएच पर सड़क हादसे में बिखरी बंद गोभी, पुलिस बनी किसान की मददगार
थाना हाफिजपुर क्षेत्र के एनएच 334 स्थित ग्राम सादिकपुर के पास बुधवार देर शाम किसी वाहन की साइड लगने से अनियंत्रित होकर बंद गोभी से भरा एक पिकअप पलट गया। देखते ही देखते बंदगोभी से सड़क पट गई। हादसे में चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर पहुंचे पुलिस कर्मियों ने न सिर्फ घायल को बचाया बल्कि बंद गोभी को एक-एक कर उठाकर किसान का नुकसान कम किया। मामले की वीडियो भी वायरल हो रही है। हालांकि हिन्दुस्तान वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है। जनपद बुलंदशहर के थाना स्याना निवासी अजीत पिकअप चालक है। वह बुधवार की शाम को बंद गोभी लेकर हापुड़ की ओर आ रहा था।

जैसे ही वह हाफिजपुर थाना क्षेत्र में ग्राम सादिकपुर के पास पहुंचा तो अज्ञात वाहन की साइड लगने से पिकअप चालक गाड़ी का संतुलन नहीं बना पाया और गाड़ी पलट गई। पिकअप में भरी बंद गोभी सड़क पर बिखर गई। इससे यातयात व्यवस्था ठप हो गई। मौके पर आसपास के लोग एकत्र हो गए और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही हाफिजपुर थाना प्रभारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी दी। पुलिस टीम ने घायल पिकअप चालक को गंभीर हालत में एक निजी अस्पताल में भर्ती कराकर उसके परिजन को सूचना दी। वहीं पुलिस की मेहनत यहीं नहीं रुकी। थाना प्रभारी और उनकी पुलिस टीम सड़क पर फैली बंदगोभी को एकत्र करने में जुट गई, ताकि किसान को नुकसान ज्यादा न हो। पुलिस ने किसी तरह सड़क पर फैली बंद गोभी को एकत्र किया और क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहन को अलग कराकर यातायात व्यवस्था सुचारू करा दी। थाना प्रभारी प्रवीन कुमार ने बताया कि उनकी प्राथमिकता पहले घायल की जान बचाना था। इसके बाद किसान को ज्यादा नुकसान न हो इसके लिए सड़क पर फैली बंदगोभी को एकत्र कर सुरक्षित जगह रखावाया। मामले की गहनता से जांच की जा रही है। साइड मारने वाले अज्ञात वाहन चालक की सीसीटीवी कैमरों की मदद से तलाश कराई जा रही है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




