
घर में घुसकर परिवार पर हमले के मामले में मुकदमा दर्ज
Hapur News - कोतवाली क्षेत्र के एक मोहल्ले में बुधवार को पड़ोसियों ने एक परिवार पर लाठी-डंडों और तलवार से हमला किया। हमलावरों ने परिवार के दोस्त का सिर फोड़ दिया और घर के बाहर उनकी बाइक में तोड़फोड़ की। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कोतवाली क्षेत्र के एक मोहल्ला में बुधवार को पड़ोसियों ने घर में घुसकर एक परिवार पर हमला कर दिया। इस दौरान आरोपियों ने लाठी-डंडों व तलवार से परिवार के साथ-साथ उनके दोस्त का भी सिर फोड़ दिया। आरोपियों ने घर के बाहर निकलकर उनकी बाइक में भी तोड़फोड़ कर दी। इस मामले में पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। नगर के एक मोहल्ला निवासी युवक ने मुकदमा दर्ज कराते हुए बताया कि बीती 19 नवंबर की शाम को वह अपनी पत्नी के साथ घर के भीतर बैठा हुआ था। तभी पड़ोस में रहने वाले नितिन, कृष्णा, सागर जबरन उनके घर में घुस आए।

आरोपियों ने आते ही उसके और उसके भाई के साथ लाठी-डंडों और तलवार से मारपीट शुरू कर दी। शोर सुनकर छोटे भाई की पत्नी मौके पर आई तो आरोपियों ने उसके साथ मारपीट करते हुए उसके कपड़ों को फाड़ दिया। इस बीच आरोपियों ने बाहर से उससे मिलने के लिए आए उसके एक दोस्त को लाठी-डंडा मारकर उसका सिर फोड़ दिया। मारपीट का शोर सुनकर आरोपियों ने घर के बाहर खड़ी बाइक में भी तोड़फोड़ कर दी। इसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। किसी प्रकार पीड़ित परिवार के साथ कोतवाली पहुंचा और अपने साथ हुई घटना की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने घायलों को मेडिकल के लिए भेज दिया। इस मामले में कोतवाली प्रभारी निरीक्षक श्यौपाल सिंह ने बताया कि तीनों नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा। -----

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




