दहेज हत्या में फरार चल रहे सास-ससुर गिरफ्तार
Hapur News - हापुड़ में दहेज की मांग पूरी नहीं करने पर विवाहिता प्रियंका की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। उसके सास-ससुर को गिरफ्तार किया गया है। प्रियंका के पति को पहले ही जेल भेजा गया था। प्रियंका के चार साल के पुत्र शिवांश और दो साल की पुत्री सीनू हैं। मामले की जांच जारी है।
हापुड़, संवाददाता। दहेज की मांग पूरी नहीं करने पर दहेज लोभी ससुरालियों ने विवाहिता की पीट-पीटकर हत्या कर दी थी। इस मामले में फरार चल रहे मृतका के सास-ससुर को सोमवार को बाबूगढ़ पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस पति को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। बाबूगढ़ थाना प्रभारी निरीक्षक मुनीष प्रताप सिंह चौहान ने बताया कि जनपद मेरठ के थाना भावनपुर के गांव पचपेड़ा निवासी वेदपाल सिंह ने थाने में मुकदमा दर्ज कराया था। जिसमें उसने बताया था कि उसकी छोटी बहन प्रियंका की शादी करीब छह साल पहले गांव गोहरा आलमगीरपुर निवासी भूपेंद्र के साथ हुई थी।
दहेज में बुलेट और सोने की चेन की मांग पूरी नहीं होने पर ससुराल पक्ष के लोग उत्पीड़न करने लगे। जिसकी सूचना प्रियंका ने मायके पक्ष के लोगों को दी थी। वर्तमान में प्रियंका के चार वर्षीय पुत्र शिवांश और दो वर्षीय पुत्री सीनू हैं। बीती 20 मार्च को पीड़ित को सूचना मिली कि प्रियंका के ससुराल पक्ष के लोगों ने उसके साथ मारपीट की है। जिस पर घर आया और परिजन को इस बात की जानकारी दी। मारपीट की जानकारी मिलने पर मायके पक्ष के लोग बहन की ससुराल आ रहे थे, तभी शाम करीब सवा सात बजे उनके बहनोई का फोन आया और कहा कि प्रियंका की तबियत बहुत खराब है और उसे मेरठ के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जब मायके पक्ष के लोग अस्पताल पहुंचे तो वहां पर चिकित्सकों ने प्रियंका को मृत घोषित कर दिया था।पुलिस ने मुकदमा दर्ज करने के बाद पति को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था। जबकि सास-ससुर फरार चल रहे थे। सोमवार को मृतका की सास तारावती और ससुर सुरेश कुमार को उनके मकान से गिरफ्तार कर लिया गया है।--------
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


