
तश्वीर सिंह हत्याकांड में दो बाल अपचारी गिरफ्तार
Hapur News - तश्वीर सिंह हत्याकांड में दो बाल अपचारी गिरफ्तार
क्षेत्र के गांव मानक चौक में किसान को घर से गोली मारने और उसकी मौत होने के मामले में पुलिस ने घटना का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मृतक के बेटे के दो नाबलिक दोस्तों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से एक तमंचा बरामद किया है। हालांकि अभी मृतक के बेटे की पुलिस को तलाश है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मनोज बालियान ने बताया कि दो माह पूर्व गांव मानक चौक निवासी तश्वीर सिंह को घर से बुलाने के बाद अज्ञात लोगों ने गोली मारकर घायल कर दिया। घायल को मेरठ के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी उपचार के दौरान मौत हो गई।
उस मामले में पुलिस द्वारा रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। उन्होंने बताया कि सोमवार को कोतवाली पुलिस ने गांव पौपाई के निकट से गांव निवासी दो बाल अपचारी को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से एक घटना में प्रयुक्त तमंचा, खोखा बरामद किया। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि मृतक तश्वीर सिंह ने घटना से कुछ दिन पूर्व अपने बेटे ओर पकड़े गए आरोपियों को गलत संगत में पड़ने से मना करते हुए डाट फटकार दिया था। इसी बात को लेकर मृतक के बेटे ने पिता से बदला लेने की ठान ली। इसके लिए उसने अपने दोस्तों का सहयोग लिया। घटना के दिन मृतक के बेटे ने आरोपी दोस्तों से पिता को फोन कर खेत पर बुला लिया। वहां तश्वीर सिंह के आने के बाद पकड़े गए आरोपी ने गोली मार कर फरार हो गए। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि दोनों आरोपियों को गिरफ्तार के बाद आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है, जबकि शेष तीसरे आरोपी की पुलिस तलाश कर रही है, शीघ्र ही फरार आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




