Hapur News: गौरव त्यागी हत्याकांड: मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से मिली पांच लाख रुपये की मदद
Hapur News: गौरव त्यागी हत्याकांड में विधायक हरेंद्र तेवतिया ने मृतक के परिजनों को पांच लाख रुपये का चेक सौंपा। विधायक ने मुख्यमंत्री से आर्थिक सहायता एवं परिवार की मदद हेतु मुलाकात की थी। गौरव की निर्मम हत्या एक माह पहले हुई थी, जिसमें सभी नौ आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं।
Hapur News: गौरव त्यागी हत्याकांड के मामले में गढ़मुक्तेश्वर विधायक हरेंद्र तेवतिया ने मृतक के परिजन को मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से आए पांच लाख रुपये का चैक सौंपा। इसके अलावा अन्य मदद कराने का भी आश्वासन दिया है। बता दें कि तीन दिन पहले विधायक गौरव के परिजन के साथ मुख्यमंत्री से मिले थे। बाबूगढ़ थाना क्षेत्र के गांव मोहम्मदपुर आजमपुर निवासी गौरव त्यागी की करीब एक माह पहले हापुड़ देहात थाना क्षेत्र में ग्राम ददायरा के पास हथौड़ों से वार कर निर्मम हत्या कर दी गई थी। इस हत्त्याकांड में शामिल सभी नौ आरोपियों को पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है। लेकिन परिवार की मदद से संबंध में जो आश्वासन दिए गए हैं, पूरे नहीं हो सके।
गौरव त्यागी हत्याकांड पर विधायक की पहल
गौरव त्यागी हत्याकांड को लेकर तीन दिन पहले विधायक गढ़मुक्तेश्वर हरेंद्र तेवतिया ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से लखनऊ में मुलाकात की थी। विधायक के साथ मृतक की पत्नी रेशू त्यागी, विजेंद्र त्यागी व अन्य परिजन भी थे। विधायक ने मुख्यमंत्री से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता प्रदान करने एवं पत्नी की नौकरी, बच्चों की शिक्षा की समुचित व्यवस्था के लिए सहयोग का आग्रह किया था।
विधायक द्वारा पीड़ित परिवार को सहायता प्रदान
बुधवार को विधायक हरेंद्र सिंह तेवतिया, एसडीएम सदर प्रेमपाल सिंह, थाना प्रभारी बाबूगढ़ प्रवीन कुमार ग्राम मोहम्मदपुर आजमपुर पहुंचे। जहां विधायक हरेंद्र तेवतिया ने मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से आए पांच लाख रुपये का चैक गौरव त्यागी के परिजन को सौंपा। इसके साथ ही आश्वासन दिया कि अन्य मदद भी कराई जाएगी। इस अवसर पर भाकियू (टिकैट) के युवा विंग के जिलाध्यक्ष ज्ञानेश्वर त्यागी समेत अन्य लोग भी मौजूद थे।


