
संदिग्ध परिस्थितियों में किशोरी लापता
Hapur News - कोतवाली नगर के शिवपुरी मोहल्ले में एक किशोरी संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई है। परिजनों ने एक युवक पर शक जताया है, जिसने खुद को बीमार बताते हुए धमकी दी। पुलिस ने परिवार की तहरीर पर मामला दर्ज कर लिया है और किशोरी की खोज शुरू कर दी है।
कोतवाली नगर क्षेत्र के मोहल्ला शिवपुरी निवासी एक किशोरी संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई। काफी खोजबीन करने के बाद भी किशोरी के बारे में कुछ पता नहीं लग सका। इस पर परिजन ने एक युवक पर शक जताया है। जब परिजन ने उससे संपर्क किया तो आरोपी ने अपने आप को बीमार बताया और धमकी दी कि यदि उसे फंसाया गया तो वह मर जाएगा और पीड़ित परिवार को फंसा देगा। अब पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। शिवपुरी निवासी आशीष गर्ग ने कोतवाली में दर्ज मुकदमे में बताया कि 30 दिसंबर की सुबह उनकी 15 वर्षीय पुत्री घर से निकल गई।
31 दिसंबर तक उसका कुछ पता नहीं लग सका। परिजन ने एक लड़के पर शक जताया। वह जिला बुलंदशहर के शिकारपुर निवासी विकास है। जब परिजन ने उस लड़के से बात की तो उसने कहा किशोरी उसके पास नहीं है। वह बीमार है और अस्पताल से आया है। यदि उसके खिलाफ कुछ किया तो वह मर जाएगा और परिवार को फंसा देगा। इस पर परिजन ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार पांडेय ने बताया कि परिजन की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही किशोरी को सकुशल बरामद कर लिया जाएगा। ----

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




