Hindi NewsUttar-pradesh NewsHapur NewsMicro Finance Company Scam Over 9 Lakh Embezzled by Manager and Field Officer
फाइनेंस कंपनी के कर्मचारियों ने 9 लाख रुपये का किया गबन

फाइनेंस कंपनी के कर्मचारियों ने 9 लाख रुपये का किया गबन

संक्षेप: Hapur News - फाइनेंस कंपनी के कर्मचारियों ने 9 लाख रुपये का किया गबन

Mon, 3 Nov 2025 06:09 PMNewswrap हिन्दुस्तान, हापुड़
share Share
Follow Us on

कोतवाली क्षेत्र के मेरठ रोड स्थित माइक्रो फाइनेंस कंपनी की शाखा में करीब नौ लाख रुपये से अधिक के गबन का मामला प्रकाश में आया है। कंपनी के डायरेक्टर की तहरीर पर पुलिस ने मैनेजर व फील्ड अधिकारी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। जनपद बुलंदशहर के थाना औरंगाबाद क्षेत्र के गांव रहीमपुर निवासी रोहन ने कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराते हुए बताया कि वह माइक्रो केयर फाउंडेशन नामक माइक्रो फाइनेंस कंपनी के डायरेक्टर हैं। कंपनी की एक शाखा कोतवाली क्षेत्र के मेरठ रोड पर है। शाखा में जिला अलीगढ़ के खिरजपुर गभाना निवासी कैलाश कुमार मैनेजर और जिला बुलंदशहर के थाना अगौता क्षेत्र के गढ़या मानपुर का अंकुश कुमार फील्ड अधिकारी है।

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।

कंपनी के जरिए जरूरतमंद लोगों को लघु ऋण उपलब्ध कराने का कार्य किया जाता है। कैलाश कुमार और अंकुश कुमार ने विभिन्न ऋण लेने वाले लोगों से सेटलमेंट के नाम पर रुपये वसूलकर कंपनी में जमा नहीं कराए। आरोपियों ने ऋण लेने वाली महिलाएं माया देवी, रुबीना, अंजली, संगीता, काजल और सुनीता आदि से करीब नौ लाख रुपये से अधिक रुपये ले लिए हैं। 19 नवंबर 2024 को वह टेरिटरी मैनेजर अनूप कुमार के साथ हापुड़ शाखा का दौरा करने पहुंचे। तब कई महिलाओं ने उन्हें बताया कि आरोपियों ने पुराने ऋण सेटल करने के बहाने रुपये लिए और नया ऋण दिलाने का वादा किया था। मगर, उन्होंने कुछ नहीं किया। छानबीन में पता चला कि कुल गबन नौ लाख रुपये से अधिक राशि का है। पूछताछ पर दोनों ने गलती स्वीकार करते हुए एक पत्र भी लिखकर दिया था। मगर, रुपये जमा करने के बजाय फरार हो गए। अब आरोपी फोन काल पर धमकी दे रहे हैं। थाना प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र कुमार बिष्ट ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर दो आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो भी दोषी पाया गया उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। ---