खुड़लिया गांव के जंगल में तेंदुआ होने का दावा

Mar 11, 2026 06:33 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, हापुड़
share

Hapur News - खुदालिया गांव में ग्रामीणों ने जंगल में तेंदुए के देखे जाने का दावा किया है, जिससे दहशत फैल गई है। वन विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर जांच कर रही है, लेकिन अभी तक कोई सफलता नहीं मिली है। ग्रामीणों ने तेंदुए की मौजूदगी की सूचना दी और अब वन विभाग तेंदुए को पकड़ने की तैयारी कर रहा है।

खुड़लिया गांव के जंगल में तेंदुआ होने का दावा

क्षेत्र में एक बार फिर तेंदुए के होने के दावे से ग्रामीणों में दहशत फैल गई है। खुड़लिया गांव के जंगल में ग्रामीणों ने सुबह के समय तेंदुआ देखे जाने का दावा किया है। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और जंगल व आसपास के क्षेत्रों में जांच शुरू कर दी। हालांकि टीम को कोई कामयाबी नहीं मिल सकी है। ग्रामीणों के मुताबिक सुबह कुछ लोग रोज की तरह खेतों की ओर जा रहे थे। इसी दौरान उन्हें जंगल की ओर एक तेंदुआ दिखाई दिया। अचानक जंगली जानवर को सामने देखकर ग्रामीण घबरा गए और वहां अफरा-तफरी मच गई।

उसके बाद ग्रामीणों ने तुरंत गांव लौटकर अन्य लोगों को सूचना दी और वन विभाग को भी जानकारी दी गई। ग्रामीणों की सूचना के बाद वन विभाग की टीम तुरंत मौके पर पहुंच गई। टीम ने जंगल और आसपास के खेतों में जांच पड़ताल शुरू कर दी है। वन विभाग के कर्मचारी इलाके में तेंदुए के पैरों के निशान और अन्य साक्ष्यों की तलाश कर रहे हैं, ताकि उसकी मौजूदगी की पुष्टि की जा सके। वन विभाग के दरोगा गौरव कुमार अपनी टीम के साथ पूरे इलाके में सर्च अभियान चला रहे हैं। टीम यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि तेंदुआ किस दिशा में गया और वह अभी आसपास के इलाके में मौजूद है या नहीं। इसके लिए जंगल के रास्तों, खेतों और आसपास के बागों में भी निरीक्षण किया जा रहा है। वन विभाग के अधिकारी करण सिंह ने बताया कि ग्रामीणों द्वारा तेंदुआ देखे जाने की सूचना मिली है। विभाग पूरी तरह सतर्क है और इलाके की निगरानी की जा रही है। उन्होंने कहा कि यदि तेंदुए की मौजूदगी की पुष्टि होती है तो उसे पकड़ने के लिए पिंजरा लगाया जाएगा और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।