हापुड़: अधिवक्ताओं ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर तहसील चौपला पर लगाया जाम
Hapur News - हापुड़ हाफिजपुर थाना क्षेत्र में कुराना टोल प्लाजा पर 28 मार्च को अधिवक्ता के

हापुड़ हाफिजपुर थाना क्षेत्र में कुराना टोल प्लाजा पर 28 मार्च को अधिवक्ता के साथ मारपीट, लूटपाट और उनके चालक को जातिसूचक शब्दों से अपमानित करने मामले में पुलिस ने अभी तक आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया है। इससे नाराज अधिवक्ता सोमवार को नारेबाजी करते हुए तहसील चौपला पर पहुंचे और जोरदार प्रदर्शन करते हुए जाम लगा दिया। अधिवक्ताओं ने मानव श्रृंखला बनाकर वाहनों का आवागमन रोक दिया। धरना पर बैठकर अधिवक्ताओं ने जोरदार नारेबाजी की। टोल प्लाजा की कंपनी का लाइसेंस निलंबित करने की भी मांग की गई। पुलिस के समझाने और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के आश्वासन पर अधिवक्ता वापस लौटे।हापुड़
बार एसोसिएशन के पदाधिकारी और सदस्यों की सोमवार को बैठक हुई। जिसमें अधिवक्ता शंकर लाल सैनी के साथ टोल प्लाजा पर मारपीट के मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी न होने पर न्यायिक कार्य से विरत रहने का निर्णय लिया गया। करीब 11 बजे बड़ी संख्या में अधिवक्ता तहसील चौराहे पर पहुंच गए। अधिवक्ताओं ने मानव श्रृंखला बनाकर सड़क को जाम कर दिया और धरने पर बैठकर पुलिस प्रशासन के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। जाम के कारण कई वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। अधिवक्ताओं का कहना था कि साथी अधिवक्ता के साथ वारदात हुए कई दिन बीत चुके हैं, लेकिन अभी तक आरोपियों को गिरफ्तार हीं किया गया। अगर आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।जाम लगने की सूचना मिलने पर सीओ सिटी वरुण मिश्रा, थाना प्रभारी निरीक्षक विनोद पांडेय पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। जहां पुलिस अधिकारियों को अधिवक्ताओं ने ज्ञापन सौंपा। हापुड़ बार एसोसिएशन के अध्यक्ष देवेंद्र और सचिव रवि कुमार ने बताया कि शंकर लाल सैनी बार के सम्मानित सदस्य हैं। हाफिजपुर थाना क्षेत्र के कुराना टोल प्लाजा पर उनके साथ टोलकर्मियों ने 28 मार्च को मारपीट और लूटपाट की थी। अधिवक्ता के चालक से जाति सूचक शब्द प्रयोग कर अपमानित किया था। इस संबंध में थाना हाफिजपुर पुलिस ने मुकदमा भी दर्ज कर लिया था। अधिवक्ता शंकरलाल सैनी के बयान जांच अधिकारी द्वारा दर्ज करा लिए गए हैं तथा आरोपियो के नाम सामने आ गए हैं। इसके बाद भी जांच अधिकारी द्वारा आरोपियो को गिरफ्तार नही किया गया। पीड़ित अधिवक्ता को विभिन्न लोगो द्वारा धमकी भी दी जा रही हैं कि वह यह मुकदमा वापिस ले लें अन्यथा उन्हे व उनके परिवार को गम्भीर परिणाम भुगतने पडे़गें। इसको लेकर हापुड बार एसोसिएशन के अधिवक्ताओं में रोष व्याप्त है तथा असुरक्षा की भावना उत्पन्न हो रही है।अधिवक्ताओं ने पुलिस अधिकारियों से आरोपियों की गिरफ्तारी कराने, टोल प्लाजा का लाइसेंस निरस्त कराने की मांग की। पुलिस अधिकारियों ने आश्वासन दिया इस मामले में जल्द कार्रवाई कराई जाएगी। इस आश्वासन पर अधिवक्ता वापस लौटे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


