
किशोरी के साथ अश्लील हरकत करने वाले अभियुक्त को 3 वर्ष सश्रम कारावास की सजा
Hapur News - किशोरी के साथ अश्लील हरकत करने वाले अभियुक्त को 3 वर्ष सश्रम कारावास की सजा
अपर सत्र न्यायाधीश/ विशेष न्यायाधीश पोक्सो एक्ट ज्ञानेंद्र सिंह यादव ने नाबालिग किशोरी के साथ अश्लील हरकत कर छेड़खानी करने के आरोप में अभियुक्त को तीन वर्ष सश्रम कारावास की सजा सुनाई है। इसके साथ ही पांच हजार रुपये के अर्थदंड से दंडित किया है। विशेष लोक अभियोजक हरेंद्र त्यागी ने बताया कि धौलाना थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति ने मुकदमा दर्ज कराया था। जिसमें बताया गया था कि 01-11-2020 को उसकी 15 वर्षीय पुत्री घर से जंगल जा रही थी। तभी सामने रोड पर नर्सरी के पास उसके गांव का वाशिद मिला। जिसने उनकी लड़की के साथ अश्लील हरकते और छेडखानी की।

पुत्री ने शोर मचाया तब खेत पर काम करने वाले कई लोग मौके पर आ गए। जिन्हें देख आरोपी वाशिद खेतों की तरफ भाग लिया। जानकारी मिलने पर वह भी मौके पर पहुंचा तो पुत्री ने घटना के बारे में जानकारी दी। विशेष लोक अभियोजक हरेंद्र त्यागी ने बताया कि पुलिस ने आरोपी वाशिद के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर मामले की जांच कर आरोप पत्र न्यायालय में प्रेषित किया था। उन्होंने बताया कि बुधवार को दोनों पक्षों को सुनने के बाद अपर सत्र न्यायाधीश / विशेष न्यायाधीश(पाक्सो एक्ट) ज्ञानेंद्र सिंह यादव ने निर्णय सुनाया।न्यायाधीश ने धारा 7/8 के अन्तर्गत अभियुक्त वाशिद को तीन वर्ष के सश्रम कारावास की सजा सुनाई है। इसके साथ ही पांच हजार रुपये के अर्थदंड से दंडित किया है। अर्थदंड अदा न करने की दशा में एक माह का अतिरिक्त सश्रम कारावास भोगना होगा ।पोक्सो एक्ट के प्रावधानों के अनुसार पीड़िता को पुनर्वास हेतु अंकन 25,000 रूपये की प्रतिकर धनराशि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, हापुड़ द्वारा देय होगी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




