होली पर पिलखुवा में कड़े सुरक्षा इंतजाम 89 स्थानों पर होगा होलिका दहन
Hapur News - पिलखुवा के कोतवाली क्षेत्र में होली पर्व के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए प्रशासन ने तैयारी की है। 89 स्थानों पर होलिका दहन कार्यक्रम होंगे। पुलिस और प्रशासन मुख्य बाजारों और संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी रखेंगे। प्रभारी निरीक्षक ने नागरिकों से भाईचारे के साथ पर्व मनाने की अपील की है।

पिलखुवा। कोतवाली क्षेत्र में होली पर्व को लेकर प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था लागू करने की तैयारी कर ली है। कोतवाली क्षेत्र में इस वर्ष 89 स्थानों पर होलिका दहन कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिन्हें लेकर पुलिस और प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। मुख्य बाजारों, चौराहों और संवेदनशील इलाकों में विशेष निगरानी रखी जाएगी ताकि त्योहार शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मनीष चौहान ने बताया कि पुलिस की ओर से सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा।
प्रमुख बाजारों में पैदल गश्त बढ़ाई जाएगी, साथ ही संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जाएगी। पुलिस द्वारा सीसीटीवी कैमरों की मदद से लगातार निगरानी की जाएगी। कंट्रोल रूम से भी गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई की जा सके। प्रभारी निरीक्षक मनीष चौहान ने स्पष्ट किया कि त्योहार के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखना प्राथमिकता है और सभी पुलिसकर्मी सतर्क रहेंगे। उन्होंने नागरिकों से भी अपील की है कि वे आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ पर्व मनाएं तथा किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें। यदि कहीं कोई संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे तो तुरंत पुलिस को सूचना दें। प्रशासन का उद्देश्य है कि होली का पर्व पूरी तरह सुरक्षित और शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हो।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


