जीएसटी विभाग के स्टेनो को 24 हजार रुपये की रिश्वत लेते दबोचा
Hapur News - मेरठ सेक्टर की विजिलेंस की टीम ने जाल बिछाकर किया गिरफ्तार गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ कोतवाली में दर्ज किया जा रहा मुकदमा फोटो संख्या 25 हापुड़, संवाददात

उत्तर प्रदेश सतर्कता अधिष्ठान (विजिलेंस) मेरठ सेक्टर की टीम ने शुक्रवार को जीएसटी विभाग में सहायक आयुक्त राज्य कर खंड -4 के स्टेनो को 24 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। टीम की इस कार्रवाई से जीएसटी कार्यालय में तैनात अफसर और कर्मचारियों में अफरा तफरी मच गई।
शिकायत का विवरण
विजिलेंस टीम आरोपी को अपने साथ कोतवाली ले आई और मामले में पूछताछ की गई। आरोपी के खिलाफ कोतवाली हापुड़ नगर में मुकदमा दर्ज कर कराया जा रहा है। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम दादरी निवासी चमन सिंह ने विजीलेंस टीम से शिकायत करते हुए बताया था कि मोदीनगर रोड पर उसकी सावित्री बीज भंडार के नाम से दुकान है। जिसका उन्होंने जीएसटी नंबर लिया हुआ है। सहायक आयुक्त राज्य कर खण्ड-4 के स्टेनो जयदीप ने उसे 8 मई को फोन करके अपने ऑफिस में आकर मिलने के लिए कहा था। जब वह उनके ऑफिस में गया, तो जयदीप स्टेनो ने अपने कम्प्यूटर की स्क्रीन पर 48000 रुपये का टैक्स शिकायतकर्ता की तरफ दिखाया। बताया कि आरोपी स्टेनो ने कहा कि अगर उसने इसके आधे 24000 रुपये उसे दे देगा, तो वह सारे टैक्स को अपने स्तर पर खत्म कर देगा। जबकि उसके ऊपर ऐसा कोई टैक्स नहीं बनता है और न ही उसे किसी तरह का नोटिस दिया गया। अगर ऐसा कोई टैक्स बनता है, तो वह उसे भी जमा करने को तैयार है। लेकिन सहायक आयुक्त राज्य कर खण्ड-4 के स्टेनो जयदीप द्वारा 24000 रुपये की रिश्वत की मांग की जा रही है, लेकिन वह रिश्वत नहीं देना चाहता है, बल्कि ऐसे भ्रष्ट कर्मचारी को रंगे हाथों पकड़वाना चाहता है। इस शिकायत के मामले के बाद विजीलेंस टीम ने मामले की जांच की और आरोपी को पकड़ने के लिए जाल बिछाना शुरू कर दिया। शुक्रवार सुबह विजिलेंस टीम निरीक्षक रेनूका सिंह के नेतृत्व में रेवती कुंज स्थित जीएसटी कार्यालय पहुंची। तय योजना के अनुसार पीड़ित चमन सिंह आरोपी स्टेनो जयदीप के पास पहुंचा और रिश्वत की रकम उसे सौंपी। जैसे ही आरोपी ने रुपये लिए, विजिलेंस टीम ने तत्काल उसे दबोच लिया । अचानक हुई कार्रवाई से जीएसटी कार्यालय में अफरा तफरी मच गई । कार्यालय में मौजूद कर्मचारी और अन्य लोग मौके पर जमा हो गए। विजिलेंस अधिकारियों ने आरोपी के पास से रिश्वत की रकम बरामद कर उसे कोतवाली ले आई। जहां आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया जा रहा है。
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मनीष चौहान ने बताया कि विजिलेंस की टीम की तहरीर पर आरोपी स्टेनो जयदीप के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया जा रहा है। वहीं आरोपी को मेरठ की एंटी करप्शन कोर्ट में मुकदमा दर्ज कर आरोपी से पूछताछ कर रही है और उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
-----
अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न
कृपया अपने अनुभव को रेट करें
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


