Hapur News: हरियाली तीज का सजा बाजार, खूब हो रही बिक्री
Hapur News: हरियाली तीज सजने संवरने का त्योहार है जिस पर महिलाएं खरीदारी कर रही हैं। हापुड़ के बाजार सज गए हैं, जहाँ महिलाओं ने कपड़े, सौंदर्य प्रसाधन आदि वस्तुओं की खरीदारी की है। मेहंदी और चूड़ियों की बिक्री भी बढ़ी है। ब्यूटी पार्लरों पर भी एडवांस बुकिंग शुरू हो गई है।

Hapur News: हरियाली तीज सजने संवरने का त्योहार है और इस त्योहार की मान्यता के चलते महिलाओं में खासा उत्साह रहता है। ऐसे में हरियाली तीज को लेकर हापुड़ के बाजार सज गए हैं। महिलाएं बाजारों में पहुंचकर पसंदीदा वस्तुओं की खरीदारी कर रही है। नगर से लेकर देहात क्षेत्र तक के बाजारों में खरीदारी करने वालों की भीड़ है। वहीं, दुकानदारों ने भी सौंदर्य प्रसाधन, कपड़ों, ज्वैलरी आदि वस्तुओं का स्टाक किया। देर शाम तक ग्राहकों से बाजार गुलजार रहे। सावन माह की तीज पर्व का विशेष महत्व है। इस बार हरियाली तीज पर्व 15 अगस्त को मनाया जाएगा। पर्व में तीन दिन का समय शेष बचा है तो महिलाओं ने पर्व को लेकर खरीदारी शुरू कर दी है। नए वस्त्रों के अलावा महिलाएं सौंदर्य प्रसाधन की वस्तुएं भी खरीदर रही हैं। बाजारों में सबसे ज्यादा मेहंदी की बिक्री हो रही है। महिलाएं हाथ पर आकर्षक डिजाइन में मेहंदी रचाने के लिए खरीदारी कर रही हैं। रंग-बिरंगी चूड़ियों की भी बिक्री भी बाजारों में बढ़ी है। बुधवार को कपड़ों की दुकानों पर महिला मनपसंद साड़ी पसंद करती नजर आईं。
महिलाओं की खरीदारी का केंद्र
नगर के गोल मार्केट, कोठी गेट, चंडी रोड, रेलवे रोड आदि बाजारों में महिलाओं की खरीदारी के लिए भीड़ रही। सुहागिन महिलाओं ने अपनी पंसदीदा रंग की साड़ियों की खरीदारी की, जबकि युवतियां सूट-सलवार के अलावा इडो वेस्टर्न आदि ड्रेस की खरीदारी करती नजर आई। उधर साधना मार्केट में महिलाओं ने सजने संवरने के लिए सौन्दर्य प्रसाधन के सामानों की खरीदारी की। इसमें लिपिस्टिक, बिंदी, सिंदूर, आर्टिफिशियल ज्वैलरी, इत्र, परफ्यूम आदि की खरीदारी की। वहीं, गांवों में भी झूले डालने को लेकर तैयारी शुरू हो गई हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में तीज पर्व को लेकर महिलाओं में सबसे ज्यादा उत्साह है।
ब्यूटी पार्लर पर एडवांस बुकिंग शुरू
हरियाली तीज का पर्व सुहागिन महिलाओं के सजने-संवरने का त्योहार है। ऐसे में सुहागिन महिलाओं ने हरियाली तीज पर सजने-संवरने के लिए ब्यूटी पार्लरों पर एडवांस बुकिंग करानी शुरू कर दी है। जबकि फिलहाल महिलाएं मसाज, स्कर्ब, ब्लीच मैनिक्योर-पैडिक्योरस, हेयर-स्पा, हेयर कलर, वैक्स आदि कराना शुरू कर दिया हैं। ऐसे में ब्यूटी पार्लरों पर महिलाओं की भीड़ भी देखने को मिल रही है।


