
बुलेट और बाइक की टक्कर में एक की मौत, एक घायल
Hapur News - कपूरपुर थाना क्षेत्र के गांव डहाना में तेज रफ्तार बुलेट ने बाइक को टक्कर मार दी, जिससे एक व्यक्ति की मौत हो गई और दूसरा घायल हो गया। मृतक के बेटे ने चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और घायल का इलाज चल रहा है।
कपूरपुर थाना क्षेत्र के गांव डहाना के पास तेज रफ्तार बुलेट ने बाइक में टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई। जबकि दूसरा घायल हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के पुत्र ने बुलेट बाइक के चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। जिला बुलंदशहर के गुलावठी के गांव पितुवास निवासी सोहनपाल सिंह ने बताया कि बीती 13 नवंबर को उसके पिता हरवीर सिंह गांव मनोवास निवासी सुरेंद्र सिंह उर्फ निरोज के साथ एक बाइक पर सवार होकर गांव से धौलाना आ रहे थे। जब वह गुलावठी-धौलाना रोड पर गांव डहाना के पास पहुंचे तो एक बुलेट के चालक ने तेजी और लापरवाही से चलाकर सुरेंद्र सिंह की बाइक में टक्कर मार दी।
इस हादसे में सुरेंद्र सिंह और उसके पता हरवीर सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। जिसके बाद सूचना मिलने पर पुलिस ने दोनों घायलों को गुलावठी के अस्पताल में भर्ती कराया। जिसके बाद दोनों की हालत गंभीर देख उन्हें हायर सेंटर के लिए रैफर कर दिया गया। इसके बाद परिजन ने हरवीर सिंह को बुलंदशहर के एक अस्पताल में भर्ती कराया। जहां हरवीर सिंह की मौत हो गई। जबकि सुरेंद्र सिंह का शहर के एक अस्पताल में उपचार चल रहा है। इस मामले में कपूरपुर थाना प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार पांडेय ने बताया कि मृतक के पुत्र की तहरीर पर बुलेट के चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। ------

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




