
अनियंत्रित कार की चपेट में आकर मजदूर की मौत
Hapur News - अनियंत्रित कार की चपेट में आकर मजदूर की मौत
बाबूगढ़ थाा क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग 9 स्थित गांव सादुल्लापुर में निर्माणाधीन पुलिस लाइन के पास शुक्रवार सुबह सड़क पार करते समय अनियंत्रित कार की चपेट में आकर बाइक सवार मजदूर की मौत हो गई। मृतक मजदूर पुलिस लाइन में निर्माण कार्य कर रहा था। ठेकेदार ने उसे कुछ सामान लेने के लिए भेजा था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। गांव छपकौली निवासी शमशुद्दीन ने बताया कि उसका भतीजा नौशाद(26 वर्षीय) पिछले छह माह से सादुल्लापुर पर निर्माणाधीन पुलिस लाइन में मजदूरी का काम कर रहा था। रोज की तरह शुक्रवार सुबह भी वह काम पर पुलिस लाइन पहुंचा।

सुबह करीब साढ़े नौ बजे ठेकेदार ने उसे कुछ सामान लेने के लिए भेजा। नौशाद बाइक पर सवार होकर सामान लेने जा रहा था। हाईवे पर उसने बाइक खड़ी कर सड़क पार करते समय अनियंत्रित कार ने टक्कर मार दी। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसा होते ही आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गए और पुलिस को हादसे की सूचना दी। सूचना मिलते ही बाबूगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मृतक के परिजन को हादसे की सूचना दी। सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण थाने पहुंचे। थाना बाबूगढ़ प्रभारी निरीक्षक मुनीष प्रताप चौहान ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कराया जा रहा है। मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


