
रास्ता बाधित होने के विरोध में धरनारत किसान की बिगड़़ी तबियत, अस्पताल रेफर
Hapur News - रास्ता बाधित होने के विरोध में धरना दे रहे किसान की बिगड़़ी तबीयत, अस्पताल रेफर
बाबूगढ़ में केंद्रीय गोसंवर्धन अनुसंधान केंद्र के निर्माण के दौरान हाबिसपुर बिगास और कनिया कल्याणपुर के बीच का रास्ता बाधित होने के विरोध में सोमवार को ग्रामीण जिला मुख्यालय पहुंचे। उन्होंने जिला मुख्यालय में धरना देकर हंगामा किया। इस दौरान एक ग्रामीण की अचानक तबीयत खराब हो गई, जिसको नगर कोतवाल ने अपनी गाड़ी से सरकारी अस्पताल पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने उसका प्राथमिक उपचार कर वापस घर भेज दिया। हालांकि शाम को डीएम भी बिगास पहुंचे और ग्रामीणों की सहमति से 15 फीट रास्ता छोड़ने की बात कही, तब जाकर किसानों का गुस्सा शांत हुआ। भाकियू टिकैत के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष कुशलपाल आर्य के नेतृत्व में बिगास के ग्रामीण जिला मुख्यालय पहुंचे।
उन्होंने डीएम से जिला मुख्यालय के सभागर कक्ष में बैठक की। ग्रामीणों ने कहा कि बिगास से बाबूगढ़ रेलवे स्टेशन होते हुए एक मार्ग कनिया कल्याणपुर जाता है। जब से गांव बसा है तब से आजतक यह मार्ग ही आवागमन का साधन है। मार्ग को गोसंवर्धन राजकीय अनुसंधान केंद्र अपना बताकर रास्ता बाधित कर रही है। डीएम ने शाम को मौके पर आने का आश्वासन दिया, लेकिन कुछ किसान जिला मुख्यालय में ही डटे रहे। इस दौरान बिगास गांव के एक किसान की तबीयत अचानक खराब हो गई, मौके पर मौजूद कोतवाल विनोद पांडेय ने अपनी सरकारी गाड़ी से किसान को सरकारी अस्पताल पहुंचाया। उन्होंने बताया कि किसान का ब्लड प्रेशर(बीपी) बढ़ने के कारण तबियत खराब हो गई थी, जिसका चिकित्सकों ने इलाज कर घर भेज दिया था। वहीं शाम को डीएम बिगास पहुंचे और किसानों के लिए रेलवे स्टेशन के पास से 15 फीट का रास्ता देने की बात कहीं, इसपर कुछ ग्रामीणों ने अपनी सहमति भी दी। जिसके बाद डीएम वापस लौट गए। इस मौके पर कुशलपाल आर्य, चौधरी रामपाल सिंह, सुरेन्द्र सिंह, नरेन्द्र सिंह, जयवीर सिंह, उदयवीर सिंह, रामपाल, जाकिर, तेजपाल सिंह आदि शामिल रहे। -------------------------------------------------- हाबिसपुर बिगास और कनिया कल्याणपुर वाले रास्ते पर दस से ज्यादा गांवों का होता है आवागमन: इस मार्ग से बिगास, गजालपुर, कनिया, कल्याणपुर, मतनौरा, छतनौरा, श्यामपुर जट्ट, अटूटा, महम्मदपुर, मलकपुर, श्यामपुर आदि गांवों का आवागमन होता है। किसानों का कहना है कि गन्ने के ट्रेक्टर-ट्राली व बुग्गी भी इसे रास्ते से होकर आती जाती है। अगर रास्ता बंद होता है तो किसानों को खासा परेशान होना पड़ेगा। ------------------------------------------------- एसडीएम व तहसीलदार से नहीं हुआ था समाधान: बिगास का रास्ता अवरूद्ध होने पर किसानों ने गांव में धरना शुरू किया था। सूचना पर एसडीएम सदर व तहसीलदार भी किसानों के बीच पहुंची थी, लेकिन दोनों अधिकारी ग्रामीणों की समस्या का समाधान नहीं कर सकीं, ऐसे में ग्रामीणों ने सोमवार को जिला मुख्यालय का घेराव किया था।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




