उत्कल कंपनी पर किसानों का करोड़ों बकाया, भाकियू मेरठ ने दी आंदोलन की चेतावनी
हापुड़,संवाददाता। उत्कल कंपनी पर आलू किसानों के करोड़ों रुपये बकाया होने का आरोप लगाते हुए हापुड़ जिला प्रशासन के खिलाफ नाराजगी ज

भारतीय किसान यूनियन मेरठ ने उत्कल कंपनी पर आलू किसानों के करोड़ों रुपये बकाया होने का आरोप लगाते हुए हापुड़ जिला प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई है। भाकियू नेताओं का कहना है कि पिछले दो वर्षों से किसान अपने भुगतान के लिए लगातार संघर्ष कर रहे हैं, लेकिन अभी तक सभी किसानों को उनका बकाया नहीं मिल सका है। भाकियू मेरठ के जिलाध्यक्ष अनुराग चौधरी ने जारी बयान में कहा कि पूर्व जिलाधिकारी द्वारा कुछ किसानों का भुगतान कराया गया था तथा शेष किसानों के भुगतान के लिए 10 मई तक का समय मांगा गया था। अब तय समय सीमा पूरी होने के बावजूद जिला प्रशासन किसानों की समस्या की सुनवाई नहीं कर रहा है, जिससे किसानों में भारी रोष व्याप्त है।
उन्होंने कहा कि मेरठ जनपद के किसानों और भाकियू कार्यकर्ताओं का लगातार अपमान किया जा रहा है। किसान लंबे समय से अपने मेहनत की कमाई के लिए अधिकारियों के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन समाधान नहीं निकल पा रहा है।भाकियू नेताओं ने चेतावनी देते हुए कहा कि हापुड़ जिला प्रशासन मेरठ के किसानों और संगठन को कमजोर समझने की भूल न करे। मेरठ की क्रांतिधरा का संघर्षपूर्ण इतिहास रहा है और किसान अपने अधिकारों के लिए हर स्तर तक लड़ाई लड़ने को तैयार हैं। भाकियू ने प्रशासन को तीन दिन के भीतर समस्या समाधान की कार्य योजना सार्वजनिक करने की मांग की है। संगठन ने साफ किया कि यदि निर्धारित समय में किसानों के भुगतान को लेकर ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो जिला मुख्यालय हापुड़ का घेराव किया जाएगा और अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया जाएगा।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


