
भुगतान न होने पर गन्ना समिति सभा में किसानों का हंगामा
Hapur News - सिंभावली में सहकारी गन्ना विकास समिति की वार्षिक सभा में 500 किसानों ने भाग लिया। किसानों ने गन्ना मूल्य के बकाया भुगतान में देरी के खिलाफ हंगामा किया और चेतावनी दी कि यदि जल्द भुगतान नहीं हुआ तो वे...
सिंभावली। सहकारी गन्ना विकास समिति लिमिटेड सिंभावली की वार्षिक साधारण सभा मंगलवार को किसान डिग्री कॉलेज परिसर में आयोजित हुई। सभा की अध्यक्षता समिति के सभापति जितेन्द्रपाल सिंह मांगट ने की, जबकि संचालन सचिव प्रवासी राकेश पटेल ने किया। इसमें सिंभावली गन्ना समिति से जुड़े 169 ग्रामों के प्रतिनिधियों के साथ-साथ सिंभावली, चन्दनपुर, नंगलाल, मवाना, अनामिका, साबिताबाद, असमोली, बिनवर और विनस चीनी मिलों के प्रतिनिधि भी शामिल हुए। सभा में करीब 500 किसानों ने भागीदारी की। इस दौरान किसानों ने जमकर हंगामा किया और आरोप लगाया कि सिंभावली चीनी मिल समय से गन्ना मूल्य का भुगतान नहीं कर रही है। किसानों का कहना था कि बकाया भुगतान को लेकर स्थिति लगातार खराब होती जा रही है, जिससे उनकी आर्थिक हालत बिगड़ रही है और वे खेती में पीछे रह रहे हैं।

किसानों ने चेतावनी दी कि अगर जल्द भुगतान नहीं हुआ तो वे आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। सभा में 75 प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किए गए, जिनमें बकाया भुगतान, खरीद केंद्रों की समस्याएं और गन्ना आवंटन के मुद्दे शामिल रहे। उपस्थित प्रतिनिधियों ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि किसानों के हितों को प्राथमिकता देते हुए चीनी मिल प्रबंधन पर दबाव बनाया जाएगा ताकि शीघ्र भुगतान हो सके। सचिव राकेश पटेल ने बताया कि समिति परिसर में 15 सितंबर से गन्ना सट्टा प्रदर्शन मेला शुरू हो चुका है, जो 23 सितंबर तक चलेगा। किसानों से अपील की गई कि वे 30 सितंबर तक अपने स्टट्टों में जरूरी संशोधन करा लें और समय पर रसीद कटवा लें। किसानों ने दोहराया कि जब तक गन्ना मूल्य का पूरा बकाया नहीं चुकता, तब तक आंदोलन की राह जारी रहेगी। किसानों ने कहा कि प्रदेश में एक समय ऐसा था सिंभावली चीनी मिल पहले स्थान पर थी, लेकिन मिल के अधिकारियों की गलतियों के कारण आज खामियाजा किसानों को भुगतना पड़ रहा है। जिससे किसान भारी परेशानी में जूझ रहे हैं। अधिकांश किसान गन्ने की खेती करते हैं, जो हर साल अपने पैसों के लिए ही परेशान रहते हैं। इस मौके पर रणधीर सिंह, मुखिया मदहद अली, विवेक शर्मा, धर्मेंद्र सिंह, राजवीर सिंह, सतीश कुमार, राकेश, अशोक, लोकेश, धर्मराज, ललित आदि मौजूद रहे। गन्ना क्रय केंद्र सिंभावली नाम लेते ही भड़के किसान-- सभा में ज्यादातर प्रस्ताव सिंभावली शुगर मिल से क्रय केंदर् हटाकर अन्य मिलों पर किए जाने के प्रस्ताव आए। गन्ना समिति सचिव ने खड़े होकर जैसे ही गन्ना क्रय केंद्र के लिए सिंभावली शुगर मिल का नाम लिया तो किसान भड़क गए। जिनवको बामुश्किल शांत किया गया। किसानों का सिंभावली द्वारा भुगतान न किए जाने पर अन्य मिलों को गन्ना बेचने वाले प्रस्ताव पास कराए जाने की जमकर मांग हुई। :::: यह वार्षिक आमसभा बैठक थी, जिसमें सभी गांवों से आए किसानों ने भाग लिया। अधिकतर गांवों में सिंभावली शुगर मिल से गन्ना क्रय केंद्र हटवाए जाने की मांग की जा रही थी। किसानों को समझा दिया गया कि जो भी उनके हक में होगा वहीं काम कराया जाएगा।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




