
श्यामनगर के किसानों ने फसल नष्ट करने वाले पशुओं को प्लॉट में किया बंद
Hapur News - श्यामनगर के किसानों ने फसल नष्ट करने वाले पशुओं को प्लॉट में किया बंद
श्यामनगर में खेतों में फसलों को नष्ट करने वाले आवारा पशुओं पर शुक्रवार को किसानों का गुस्सा फूट पड़ा। किसानों ने गांव के ही एक खाली पड़े प्लॉट में आवारा पशुओं को बंद कर दिया। अधिकारियों से किसानों ने फोन पर वार्ता की, लेकिन किसी ने फोन नहीं उठाया तो किसी ने फोन उठाया और संतोषजनक जवाब नहीं दिया। ऐसे में देरशाम तक आवारा पशु भूखे-प्यासे उसी प्लॉट में बंद रहे। किसानों ने अधिकारियों पर लापरवाही के आरोप लगाए। राजबीर भाटी ने बताया कि काफी समय से गांव श्यामनगर में आवारा पशु किसानों की फसलों को नष्ट कर रहे है। इस संबंध में कई बार ग्राम सचिव व बीडीओ से शिकायत की, लेकिन कोई समाधान नहीं हुआ।

ऐसे में किसानों ने दस से ज्यादा आवारा पशुओं को पकड़कर एक खाली पड़े प्लॉट में बंद कर दिया। इसके बाद किसानों ने हापुड़ विकास खंड की बीडीओ श्रुति सिंह को फोन किया, लेकिन उन्होंने फोन नहीं उठाया। इसके बाद किसानों ने ग्राम सचिव नीरज को फोन मिलाया, लेकिन शाम तक ग्राम सचिव भी इधर-उधर की बात करके टालता रहा। ऐसे में किसानों का गुस्सा फूट पड़ा, किसानों ने अधिकारियों पर लापरवाही का आरोप लगाकर जमकर हंगामा किया। किसानों ने बताया कि देर शाम ग्राम सचिव का फोन आया और उन्होंने शनिवार को सभी आवारा पशुओं को गोशाला पहुंचाने का आश्सान दिया। इस मौके पर नोमित, संतकुमार, मिंटू, राजू, गौरव, सचिन, हेम सिंह, ज्ञानेन्द्र, धमेन्द्र, जोगेन्द्र आदि शामिल रहे। वहीं बीडीओ श्रुति सिंह का कहना है कि यह दो दिन पहले का मामला है, शुक्रवार को ऐसा कोई भी मामला नहीं हुआ है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


