मिट्टी उठाने की शिकायत करने पर दी जान से मारने की धमकी
Hapur News - मिट्टी उठाने की शिकायत करने पर दी जान से मारने की धमकी

बाबूगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम गोहरा आलमगीरपुर में चकमार्ग से मिट्टी उठाने की पुलिस से शिकायत करने पर आरोपियों ने पीड़ित और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी दी है। ऐसे में पीड़ित किसान और उसके परिजन डर के माहौल में जीने को मजबूर हैं। पीड़ित किसान की तहरीर पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। बाबूगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम गोहरा आलमगीरपुर निवासी अनिल कुमार ने मुकदमा दर्ज कराते हुए बताया कि 31 जनवरी को उसके खेत के पास स्थित चकमार्ग से मिट्टी उठाने को लेकर पड़ोसी उमेश कुमार व मुनेश कुमार से कहासुनी हो गई थी।
इस संबंध में पीड़ित ने थाना बाबूगढ़ में शिकायत भी दी थी। आरोप है कि शिकायत से नाराज होकर उसी दिन उमेश कुमार का पुत्र प्रशांत कुमार उर्फ गुल्लू और पत्नी कुसुम ने उसके पुत्र अंकित कुमार के मोबाइल फोन पर काॅल करके गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी दी। अंकित प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा है। उक्त काल की ऑडियो रिकार्डिंग पीड़ित के पास सुरक्षित है, जिसे साक्ष्य के रूप में पुलिस को उपलब्ध कराया गया है। आरोप लगाया कि मुनेश कुमार ने उसके मोबाइल पर काल कर पी़ड़ित और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित ने बताया कि आरोपी ने पूर्व में जेल जा चुका है और दोबारा हत्या कर जेल जाने की धमकी दे रही है। आरोप है कि निशांत कुमार रास्ते में आते-जाते भी धमकी देता है। साथ ही वह अपने पिता की इंस्टाग्राम आईडी चला कर उस पर धमकी भरे स्टेटस डाल रहा है। इन पोस्ट के स्क्रीनशाट भी पुलिस को सौंपे गए हैं। बाबूगढ़ प्रभारी निरीक्षक मुनीष प्रताप चौहान ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर उमेश कुमार, मुनेश कुमार, प्रशांत कुमार, निशांत कुमार एवं कुसुम के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है, जांच में जो भी दोषी पाया गया उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। ------------------
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


