गंगा की जलधरा में अठखेलियां करती नजर आई डालफिन
Hapur News - गंगा नगरी में एक डॉल्फिन के देखे जाने से लोग अचंभित रह गए। यह घटना गंगा की जल गुणवत्ता और स्वच्छता के लिए एक सकारात्मक संकेत मानी जा रही है। विशेषज्ञों का कहना है कि डॉल्फिन की बढ़ती संख्या गंगा की पारिस्थितिकी के संतुलन को दर्शाती है और यह मानव के लिए सुरक्षित हैं।

गंगा नगरी में शनिवार की सुबह अचानक एक ऐसा दृष्य देखने को मिला जिसको देखकर हर कोई दंग रह गया। यहां गंगा की जलधारा में एक डॉल्फिन अठखेलियां करती नजर आई, जो पर्यावरण और गंगा की स्वच्छता के लिए एक सकारात्मक संकेत मानी जा रही है। इस दौरान गंगा में नौका बिहार करने वाले श्रद्धालुओं ने उसकी वीडियों को बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। बता दें कि गंगा डॉल्फिन मानव के लिए पूरी तरह सुरक्षित मानी जाती हैं। विशेषज्ञों के अनुसार डॉल्फिन की बढ़ती संख्या गंगा जल की बेहतर गुणवत्ता और स्वच्छता का संकेत है। बृजघाट गंगा क्षेत्र में गंगा डॉल्फिन की संख्या में लगातार वृद्धि दर्ज की जा रही है, जो पर्यावरण और गंगा की स्वच्छता के लिए एक सकारात्मक संकेत माना जा रहा है।
स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं के लिए यह न केवल आकर्षण का केंद्र बन रही हैं, बल्कि गंगा के पारिस्थितिकी तंत्र के संतुलन का भी प्रतीक हैं। डॉल्फिन को ‘मानव मित्र’ कहा जाता है, क्योंकि यह मनुष्यों को किसी प्रकार का नुकसान नहीं पहुंचाती और जल में उनके साथ सहज व्यवहार करती है। स्थानीय भाषा में इसे ‘सुसु’ भी कहा जाता है। यह डॉल्फिन आकार में भारी-भरकम होती है और नदी के जैविक संतुलन को बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। बता दे कि जनपद बिजनौर से बुलंदशहर जनपद के अनूपशहर तक गंगा का किनारा रामसर साइट घोषित है, जहां जलीय और वन्य जीवों के संरक्षण पर विशेष ध्यान दिया जाता है। इसी क्षेत्र में गणना में 61 गंगा डॉल्फिन की उपस्थिति दर्ज की गई है, जो इस क्षेत्र की बेहतर पर्यावरणीय स्थिति को दर्शाती है। पर्यावरणविद् भारत भूषण के अनुसार, बृजघाट में डॉल्फिन की बढ़ती संख्या इस बात का संकेत है कि गंगा का जल पहले की तुलना में अधिक स्वच्छ हो रहा है। डॉल्फिन न केवल जैव विविधता को समृद्ध करती हैं, बल्कि जल को स्वच्छ रखने में भी सहायक होती हैं।स्थानीय प्रशासन और पर्यावरण प्रेमियों ने इसे संरक्षण प्रयासों की सफलता बताते हुए आगे भी इस दिशा में काम जारी रखने की बात कही है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


