Hindi NewsUttar-pradesh NewsHapur NewsDIG Orders Suspension of Police Officers After Inaction in Assault Case in Hapur
दो पक्षों के झगड़े में लापरवाही पर दरोगा-सिपाही लाइन हाजिर

दो पक्षों के झगड़े में लापरवाही पर दरोगा-सिपाही लाइन हाजिर

संक्षेप:

Hapur News - हापुड़ के सिंभावली थाना क्षेत्र के ग्राम सालारपुर में दो पक्षों के झगड़े की जानकारी देने के बावजूद कार्रवाई न करने पर डीआईजी ने एसपी के माध्यम से दरोगा और हेड कांस्टेबल को लाइन हाजिर किया। इसके बाद...

Sep 17, 2025 03:47 am ISTNewswrap हिन्दुस्तान, हापुड़
share Share
Follow Us on

हापुड़। सिंभावली थाना क्षेत्र के ग्राम सालारपुर में दो पक्षों में हुए झगड़े की जानकारी देने के बाद कार्रवाई न करने पर डीआईजी के आदेश पर एसपी ने दरोगा और हेड कांस्टेबिल को लाइन हाजिर कर दिया। पुलिस ने अब पीड़ित का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी। पुलिस के अनुसार 15 सितंबर को ग्राम सलारपुर निवासी अजयपाल मेरठ रेंज के डीआईजी कलानिधि नैथानी से उनके कार्यालय में शिकायत लेकर पहुंचा था। बताया कि 10 सितंबर को गांव निवासी दुष्यंत, सोबीर और गांधी ने उनके भाई जितेंद्र से मारपीट की। इस दौरान यूपी 112 पर सूचना दी गई, जिसके बाद हल्का प्रभारी दरोगा राजदीप सिंह और बीट कांस्टेबल वीरेंद्र सिंह मौके पर पहुंचे थे।

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।

तहरीर पर कार्रवाई नहीं की गई और इसका नतीजा ये रहा कि 11 सितंबर को खेत जाते समय जितेंद्र पर आरोपियों ने दोबारा हमला किया। आरोपियों ने डंडे से वार किए और जितेंद्र बेहोश हो गए थे। जितेंद्र को परिजनों ने अस्पताल भर्ती कराया था, जहां होश में आने के बाद हमले का खुलासा हुआ। आरोप लगाया कि हल्का प्रभारी ने इस घटना को लेकर आरोपियों का पक्ष लिया और मुकदमा दर्ज नहीं किया। डीआईजी कार्यालय से इस पूरे घटनाक्रम को लेकर सीओ गढ़मुक्तेश्वर से जानकारी मांगी गई तो उनके भी संज्ञान में प्रकरण नहीं था। डीआईजी ने घटना को लेकर जांच कर रिपोर्ट 24 घंटे में देने का आदेश दिया। सीओ गढ़ ने जांच रिपोर्ट में हल्का प्रभारी राजदीप और हेड कांस्टेबल वीरेंद्र सिंह पर लगाए गए आरोप सही पाए गए। इसी रिपोर्ट पर डीआईजी के आदेश पर दरोगा राजदीप सिंह एवं बीट हेड कांस्टेबल वीरेंद्र सिंह को लाइन हाजिर किया है। इसके बाद सिंभावली थाने में अजयपाल की तहरीर पर दुष्यंत, सोबीर और गांधी के खिलाफ गंभीर धारा में मुकदमा दर्ज किया गया। आरोपियों की गिरफ्तारी भी कराई जा रही है।