Hapur News: यूजीसी के विरोध में भड़का स्वर्ण और ओबीसी समाज
Hapur News: स्वर्ण ओबीसी एकता मंच ने शिक्षा में समानता और आरक्षण में सुधार की मांग को लेकर जनजागरण यात्रा का आयोजन किया। पुलिस ने समर्थकों को हाउस अरेस्ट किया, लेकिन कई लोग जिला मुख्यालय पहुंचे और ज्ञापन सौंपा। वक्ता ने आरक्षण की व्यवस्था को आर्थिक आधार पर जरूरी बताया।
Hapur News: स्वर्ण ओबीसी एकता मंच जिला हापुड़ ने शिक्षा में समानता, यू.जी.सी नियमों की वापसी और आरक्षण व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर सोमवार को पिलखुवा के रामलीला मैदान से जिला मुख्यालय तक जनजागरण यात्रा व ज्ञापन का ऐलान किया था। लेकिन पुलिस ने सोमवार की सुबह स्वर्ण समाज के लोगों को हाउस अरेस्ट कर लिया। हालांकि काफी संख्या में स्वर्ण और ओबीसी समाज के लोग जिला मुख्यालय पहुंचे, उन्होंने राष्ट्रपति व केंद्र सरकार के नाम एडीएम को ज्ञापन सौंपा।
स्वर्ण और ओबीसी समाज की आवाज़
भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष विनीत दीवान के नेतृत्व में काफी संख्या में स्वर्ण और ओबीसी समाज के लोग जिला मुख्यालय पहुंचे। उन्होंने शिक्षा में समानता का अधिकार न मिलने, यू.जी.सी के नियमों को वापस लेने और आरक्षण में सुधार की मांग की। उन्होंने कहा कि देश में शिक्षा में समानता का अधिकार होना चाहिए। क्योंकि शिक्षण संस्थानों में असमानता और आपसी अविश्वास का माहौल बन रहा है। किसी भी नियम में एक पक्ष को दोषी मानकर कार्यवाही करना उचित नहीं है।
आरक्षण पर विचार
वहीं, राधेलाल त्यागी ने कहा कि आजादी के 75 साल बाद भी आरक्षण का लाभ वास्तविक जरूरतमंद तक नहीं पहुंच पा रहा है, देश में गरीबी किसी एक जाति में नहीं है। हर समाज व हर वर्ग में गरीब लोग है, इसलिए आरक्षण की व्यवस्था आर्थिक आधार पर होनी चाहिए न कि जाति के आधार पर। उन्होंने कहा कि शिक्षा में आरक्षण नहीं योग्यता को सम्मान मिले। वहीं, दिनभर स्वर्ण और ओबीसी समाज के लोग टुकड़ी में जिला मुख्यालय पहुंचे और आरक्षण में सुधार व शिक्षा में समानता की मांग को लेकर राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन एडीएम को सौंपा।
इस मौके पर अतुल त्यागी, दीपक तोमर, दीपक त्यागी, मोनू त्यागी, जितेन्द्र शर्मा, नीरज शर्मा, सचिन चौहान, ठाकुर दिनेश सिंह, दीपक चौहान, सुधाकर त्यागी, गिरीश त्यागी, सुभाष त्यागी, सुंदर त्यागी, कपिल त्यागी, सचिन सिरोही, पवन शर्मा, बोबी पाठक आदि शामिल रहे।
पुलिस की कार्रवाई
------------------------------------------------
जनजागरण यात्रा का समर्थन करने वालों को पुलिस ने किया हाउस अरेस्ट:
जिले में शिक्षा में समानता, यू.जी.सी नियमों की वापसी और आरक्षण व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर जनजागरण यात्रा का ऐलान किया था। इस ऐलान के साथ ही पुलिस प्रशासन अलर्ट हो गया। सोमवार की अल सुबह से ही जनजागरण यात्रा का समर्थन करने वाले लोगों को पुलिस ने हाउस अरेस्ट कर लिया, ताकि ज्यादा संख्या में स्वर्ण व ओबीसी समाज के लोग रामलीला मैदान या फिर जिला मुख्यालय में एकत्रित न हो सकें। हालांकि दोपहर में काफी लोग जिला मुख्यालय पहुंचे और अपनी मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा।

