
डीटीसी में नौकरी लगवाने के नाम पर 2.10 लाख रुपये की ठगी
संक्षेप: Hapur News - डीटीसी में नौकरी लगवाने के नाम पर 2.10 लाख रुपये की ठगी
दिल्ली परिवहन निगम में नौकरी लगाने के नाम पर एक आरोपी ने एक व्यक्ति से 2.10 लाख रुपये ठग लिए। आरोपी ने फर्जी नियुक्ति पत्र दे दिया। रुपये वापस मांगने पर हत्या और झूठे मुकदमों में फंसाने और जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। कोतवाली हापुड़ नगर में मुकदमा दर्ज कराते हुए अधिवक्ता पंकज सिंह ने बताया कि दिसंबर 2022 में उनकी मुलाकात थाना देहात क्षेत्र के मोहल्ला न्यू भीमनगर स्थित कबाड़ी वाली डेयरी के निवासी राजीव उर्फ राजू से हुई थी। आरोपी ने स्वयं को डीटीसी के दिल्ली गेट स्थित अंबेडकर टर्मिनल में अधिकारी बताया।

उसने दावा किया कि वह कई लोगों की नौकरियां डीटीसी में लगवा चुका हैं। इस दावे को साबित करने के लिए उसने कई फर्जी नियुक्ति पत्र भी दिखाए। जिसे असली समझकर पीड़ित को उस पर भरोसा हो गया। आरोपी ने पीड़ित को डीटीसी में लोअर डिवीजन क्लर्क (एलडीसी) पद पर भर्ती की बात कही और नौकरी लगवाने के लिए 2.10 लाख रुपये की मांग की। पीड़ित आरोपी की बातों में आ गया और अपने साले संजू की नौकरी लगवाने के लिए 1.60 लाख रुपये नकद और 50 हजार रुपये आनलाइन ट्रांसफर कर दिए। आरोपी ने वादा किया कि जल्द ही नियुक्ति पत्र लाकर दे देगा। आरोपी ने 30 जनवरी 2023 को उसे एक फर्जी नियुक्ति पत्र सौंपा, लेकिन विभाग से जांच करने पर उसकी सच्चाई का पता चला। इस पर पीड़ित ने रुपये लौटाने की मांग की। इस पर आरोपी ने टालमटोल की और कुछ समय मांगा। तय समय बीतने के बाद भी आरोपी ने रुपये वापस नहीं लौटाए। जब पीड़ित और उनका साला संजू आरोपी के घर पहुंचे, तो उसने अभद्रता की। विरोध पर गाली-गलौज करते हुए मारपीट पर उतारू हो गया। रुपये वापस मांगने पर झूठे मुकदमों में फंसाने और हत्या की धमकी दी। थाना प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र बिष्ट ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज लिया है। मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




