
दिल्ली धमाका::: जीएस मेडिकल कॉलेज से असिस्टेंट प्रोफेसर को हिरासत में लिया
संक्षेप: Hapur News - दिल्ली धमाका::: जीएस मेडिकल कॉलेज से असिस्टेंट प्रोफेसर को हिरासत में लिया
दिल्ली में विस्फोट की जांच अब जिले के पिलखुवा स्थित जीएस मेडिकल कॉलेज तक पहुंच गई है। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सैल ने बुधवार देर रात को जीएस मेडिकल कॉलेज में छापामार कार्रवाई करने के बाद प्रसूता विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर डाक्टर फारुख अहमद डार को हिरासत में ले लिया। स्पेशल सैल के मेडिकल कॉलेज के परिसर में पहुंचते ही हड़कंप हो गया था। स्पेशल सैल ने चिकित्सक का लैपटॉप और पेन ड्राइव को भी कब्जे में लिया है। असिस्टेंट प्रोफेसर जम्मू-कश्मीर के मीरिपोर बीर्वाह, गूडगम का रहने वाला है। हिरासत में लिया गया असिस्टेंट प्रोफेसर करीब डेढ़ साल से मेडिकल कॉलेज के कैंपस में ही निवास कर रहा था।

संभवत: दिल्ली में हुए विस्फोट से जोड़कर इस गिरफ्तारी को देखा जा रहा है। बताया कि दिल्ली पुलिस धमाके में असिस्टेंट प्रोफेसर के तारों के संबंध में जांच कर रही है, हालांकि स्थानीय पुलिस के अफसर इस पर कुछ नहीं बोल रहे हैं। बुधवार रात करीब दो बजे दिल्ली पुलिस की स्पेशल सैल की टीम ने पिलखुवा में स्थित जीएस मेडिकल कॉलेज में छापामार कार्रवाई की। इस दौरान पुलिस टीम ने प्रसूति विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर और जम्मू-कश्मीर के मीरिपोर बीर्वाह, गूडगम निवासी डाक्टर फारुख अहमद डार को हिरासत में ले लिया। स्पेशल सैल के अधिकारियों ने करीब आधा घंटे तक मेडिकल कॉलेज के कैंपस में ही चिकित्सक से पूछताछ की। जिसके बाद टीम उन्हें अपने साथ लेकर दिल्ली रवाना हो गई है। टीम उनके पास मिले लैपटॉप और पैन ड्राइव को भी अपने साथ लेकर गई है। बताया जा रहा है कि डाक्टर फारुख अहमद डार ने वर्ष 2016 में जम्मू के आचार्य श्रीचंद कॉलेज ऑफ मेडिकल साइंस से एमबीबीएस किया है। जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर में स्थित राजकीय मेडिकल कॉलेज से वर्ष 2022 में उन्होंने एमडी की पढ़ाई पूरी की है। मेडिकल कॉलेज के असिस्टेंट प्रोफेसर के तार कहीं ना कहीं दिल्ली विस्फोट से जुड़े हो सकते हैं। हालांकि अभी दिल्ली पुलिस ने इस संबंध में किसी प्रकार की जानकारी नहीं दी है। लेकिन पूछताछ में कई अहम सुराग मिलने का कयास पुलिस अधिकारी लगा रहे हैं। ---- फरीदाबाद की अल फलहा यूनिवर्सिटी में कर चुका नौकरी जानकारी मिली है कि डाक्टर फारुख अहमद डार ने एमडी की पढ़ाई पूरी करने के बाद एनसीआर के फरीदाबाद स्थित अल फलाह यूनिवर्सिटी में 06 अक्टूबर 2022 को नौकरी ज्वाइंन की थी। इस यूनिवर्सिटी में वह 05 अप्रैल 2024 तक रहे। इसके बाद 06 अप्रैल से अभी तक वह पिलखुवा में स्थित जीएस मेडिकल कॉलेज में प्रसूता विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर के पद पर तैनात है। इसके बाद से वह लगातार मरीजों को देखने का काम कर रहे हैं। उनके व्यवहार के बारे में साथ काम करने वाले स्टाफ का कहना है कि वह काफी मिलनसार रहे हैं। हालांकि कभी कोई संदिग्ध हरकत या बात नहीं लगी है। ---- अब खंगाली जा रही विभिन्न गतिविधियां दिल्ली पुलिस की स्पेशल सैल द्वारा हिरासत में लिए गए डाक्टर फारुख अहमद डार की विभिन्न गतिविधियों पर अब टीम नजर रख रही है। बताया जा रहा है कि डाक्टर फारुख अहमद डार के संपर्क में आने वाले लोगों का विवरण जुटाया जा रहा है। संस्थान के उपनिदेशक मनोज सिसोदिया ने बताया कि असिस्टेंट प्रोफेसर पिछले एक वर्ष से अस्पताल के प्रसूता विभाग में कार्य कर रहा था। संस्थान द्वारा उसके शैक्षिक प्रमाण पत्र और कानूनी जांच कराई गई थी। फिलहाल वह दिल्ली पुलिस की हिरासत में है। इसके अलावा उन्हें कोई जानकारी नहीं है। ------ छावनी बन गया था मेडिकल कॉलेज वर्तमान में पूरे देश की निगाह दिल्ली में हुए विस्फोट पर लगी हुई है। बुधवार की रात जब दिल्ली पुलिस की टीम सुरक्षा एजेंसियों के साथ मेडिकल कॉलेज में आई तो हड़कंप मच गया था। स्थानीय पुलिस ने मेडिकल कॉलेज को पूरी तरह से छावनी में तब्दील कर दिया था। ----- दिल्ली विस्फोट से जुड़े आरोपियों से पूछताछ में मिले थे अहम सुराग बताया जा रहा है कि दिल्ली में लालकिला इलाके में सोमवार देर शाम को हुए विस्फोट में शामिल रहे कुछ संदिग्धों से पूछताछ के बाद स्पेशल सैल ने पिलखुवा के जीएस मेडिकल कॉलेज में छापामार कार्रवाई की। जिसके बाद प्रसूता विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर डाक्टर फारुख अहमद डार को हिरासत में लिया गया। हालांकि अभी चिकित्सक की भूमिका क्या रही है, इसके बारे में सटीक जानकारी नहीं मिली है। ----- पूछताछ में सामने आएंगे कई राज दिल्ली पुलिस ने जीएस मेडिकल कॉलेज से असिस्टेंट प्रोफेसर डाक्टर फारुख अहमद डार को दिल्ली ले जाकर पूछताछ शुरू कर दी है। पूछताछ में सामने पुलिस को दिल्ली विस्फोट के मामले में कई अहम जानकारी मिलने की चर्चा है। हालांकि चिकित्सक की गतिविधियों के बारे में तरह-तरह की बात हो रही है। ----- स्थानीय पुलिस और कई एजेंसी भी पहुंची महिला सैल जीएस मेडिकल कॉलेज से असिस्टेंट प्रोफेसर डाक्टर फारुख अहमद डार को दिल्ली पुलिस द्वारा हिरासत में लेने की जानकारी मिलने के साथ स्थानीय पुलिस के साथ अन्य एजेंसियों भी कालेज पहुंची और मामले की जानकारी की। वहीं एसपी कुंवर ज्ञानंजय सिंह ने बताया कि दिल्ली पुलिस ने असिस्टेंट प्रोफेसर डाक्टर फारुख अहमद को हिरासत में लिया है। मामले की स्थानीय स्तर पर भी जानकारी कराई जा रही है। जनपद में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की हुई है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




