हापुड़ : जीएसटी विभाग का बाबू 24 हजार रुपये की रिश्वत लेता गिरफ्तार

Newswrap हिन्दुस्तान, हापुड़
Follow us on Google News
share

मेरठ विजिलेंस टीम ने जीएसटी विभाग के बाबू जयदीप को 24,000 रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। पीड़ित चमन सिंह ने शिकायत की थी कि बाबू ने काम कराने के लिए रिश्वत मांगी थी। विजिलेंस ने जाल बिछाकर आरोपी को पकड़ा और उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई शुरू की।

हापुड़ : जीएसटी विभाग का बाबू 24 हजार रुपये की रिश्वत लेता गिरफ्तार

हापुड़। मेरठ विजिलेंस टीम ने शुक्रवार को जीएसटी विभाग के एक बाबू को 24 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के बाद रेवती कुंज स्थित जीएसटी कार्यालय में अफरातफरी मच गई। विजिलेंस टीम आरोपी को अपने साथ कोतवाली ले गई और मामले में पूछताछ शुरू कर दी गई है। आरोपी के खिलाफ कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया जा रहा है। कोतवाली क्षेत्र के गांव दादरी निवासी चमन सिंह का जीएसटी विभाग में एक कार्य लंबित था। आरोप है कि सहायक आयुक्त खंड-चार में तैनात बाबू जयदीप ने कार्य कराने के बदले 24 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी।

आरोपी द्वारा रिश्वत नहीं देने पर काम में बाधा डालने और फाइल लंबित रखने की बात कही गई थी। इससे परेशान होकर पीड़ित ने मेरठ विजिलेंस में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलने के बाद विजिलेंस टीम ने मामले की गोपनीय जांच की। जांच में रिश्वत मांगने की पुष्टि होने पर टीम ने आरोपी को पकड़ने के लिए जाल बिछाया।शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे विजिलेंस टीम निरीक्षक रेनू चौहान के नेतृत्व में रेवती कुंज स्थित जीएसटी कार्यालय पहुंची। तय योजना के अनुसार पीड़ित चमन सिंह आरोपी के पास पहुंचा और रिश्वत की रकम उसे सौंपी। जैसे ही आरोपी ने रुपये लिए विजिलेंस टीम ने तत्काल उसे दबोच लिया। विजिलेंस अधिकारियों ने आरोपी के पास से रिश्वत की रकम बरामद कर ली। इसके बाद टीम आरोपी बाबू को अपने साथ लेकर चली गई। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मनीष चौहान ने बताया कि विजिलेंस की टीम आरोपी से पूछताछ कर रही है और उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

कृपया अपने अनुभव को रेट करें

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।