हापुड़ : दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर खाई में पलटी डग्गामार बस, कई घायल, हाईवे पर मचा हड़कंप
Hapur News - गढ़मुक्तेश्वर में दिल्ली से बरेली जा रही डग्गामार बस स्याना फ्लाईओवर से उतरते समय संतुलन खो बैठी और सड़क किनारे गहरी खाई में गिर गई। हादसे में 55-60 यात्री सवार थे, जिनमें से 17 घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, कुछ की हालत गंभीर है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
गढ़मुक्तेश्वर। दिल्ली से बरेली की ओर जा रही डग्गामार बस गढ़ हाईवे स्थित स्याना फ्लाईओवर से नीचे उतरते समय अचानक संतुलन खो बैठी। इसी दौरान हाईवे किनारे बने होटल पर रुकने के लिए बस को मोड़ दिया। बस पहले ऑटो से टकराई और फिर हाइवे किनारे गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। बस में क्षमता से अधिक 55 से 60 सवारियां भरी हुई थीं। दुर्घटना में बस में सवार लगभग 17 यात्री घायल हो गए, जबकि ऑटो में बैठी तीन सवारियां भी गंभीर रूप से घायल हो गईं। घायलों में दो महिला श्रद्धालु ब्रजघाट गंगा स्नान के लिए जा रही थीं।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस बुलाकर घायलों को सरकारी व निजी अस्पतालों में भर्ती कराया। घायलों में से पांच की हालत गंभीर होने पर उन्हें मेरठ के अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। घटना की जानकारी मिलते ही जनपद के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य का जायजा लिया। कुछ घायलों और उनके तीमारदारों ने आरोप लगाया सरकारी अस्पताल पहुंचने के बाद भी उन्हें उचित उपचार नहीं मिला। पुलिस ने बस चालक से पूछताछ शुरू कर दी है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




