
नाम पूछा और कार सवार युवक पर लाठी-डंडों से बोला हमला
Hapur News - हापुड़ में एक युवक को मूंगफली खरीदने के दौरान नाम पूछकर लाठी-डंडों से पीटा गया। पीड़ित बेहोश हो गया और पुलिस को देखकर आरोपी धमकी देकर भाग गए। मामले में पीड़ित ने आरोपियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
हापुड़ में बाबूगढ़ थाना क्षेत्र के बछलौता पुल के पास मूंगफली खरीद रहे कार सवार युवक के पास कुछ लोग आए नाम पूछने के बाद लाठी-डंडों से जमकर पीटा। मारपीट में पीड़ित बेहोश हो गया। पुलिस को मौके पर आता देख आरोपी धमकी देकर फरार हो गए। पीड़ित ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। गांव सीतादेई लालपुर निवासी संजीव कुमार ने बताया कि 12 दिसंबर की शाम को वह अपने गांव ततारपुर निवासी गोलू के साथ कार में सवार होकर उपैड़ा से वापस अपने गांव लौट रहा था। बछलौता पुल के नीचे मूंगफली खरीदने के लिए उसने अपनी कार को सड़क किनारे खड़ा कर दिया और खरीदारी करने लगा।
तभी गांव बछलौता के रहने वाले गोलू उर्फ गौरव और बंटी मौके पर आए और कार के पास आकर उससे नाम पूछा। जिसके बाद दोनों आरोपियों ने उसके साथ लाठी-डंडों व लात-घूंसों से मारपीट कर दी। इसी दौरान उनके दो अन्य साथी भी मौके पर आ गए। चारों ने उसे जमीन पर गिरा-गिराकर पीटा। इस मारपीट में वह बेहोश हो गया था। किसी प्रकार कार सवार गोलू थोड़ी दूर पर खड़ी पुलिस पेट्रोलिंग जीप पर पहुंचा और इस घटना की शिकायत दी। पुलिस को आता देख आरोपी जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। किसी प्रकार पुलिस ने घायल को हापुड़ के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। बाबूगढ़ थाना प्रभारी निरीक्षक मुनीष प्रताप सिंह चौहान ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




